महासमुंद में बड़ी कार्रवाई! चेकिंग के दौरान बस से 46 लाख की चांदी बरामद

महासमुंद। जिले के रेहटीखोल नाका (NH-353) पर चल रहे वाहन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में एक यात्री बस से भारी मात्रा में चांदी के पायल बरामद किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, ओडिशा की ओर से आ रही श्री श्याम ट्रैवल्स की बस को नियमित जांच के दौरान रोका गया था। जांच के दौरान एक यात्री संदिग्ध हालत में पाया गया, जो नीले रंग का पिट्ठू बैग लेकर यात्रा कर रहा था।

पूछताछ में उसकी पहचान राज किशोर शर्मा उर्फ राजू (58 वर्ष), निवासी कटक (ओडिशा) के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके बैग से तीन प्लास्टिक डिब्बों में रखे कुल 600 चांदी के पायल बरामद हुए, जिनका वजन 18.590 किलोग्राम बताया गया है।

पुलिस ने जब आभूषणों से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे तो आरोपी कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने BNS की धारा 94 के तहत कार्रवाई करते हुए सभी आभूषण जब्त कर लिए।

बरामद चांदी की अनुमानित कीमत करीब 46,68,090 रुपये आंकी गई है। मामले की सूचना आयकर विभाग और राजस्व सूचना निदेशालय (DRI), छत्तीसगढ़ को आगे की जांच के लिए भेज दी गई है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में चांदी का परिवहन किस उद्देश्य से किया जा रहा था और क्या इसके पीछे कोई संगठित तस्करी नेटवर्क सक्रिय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *