स्थापना दिवस पर कांग्रेस का प्रहार…भाजपा सिद्धांतविहीन पार्टी, इसका लोकतांत्रिक चरित्र नहीं – दीपक बैज

रायपुर। भाजपा के स्थापना दिवस पर कांग्रेस ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक सिद्धांतविहीन पार्टी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि जब इस पार्टी का गठन किया गया तब बड़े-बड़े दावे किये गये कि यह देश भक्त पार्टी है, लेकिन सारे दावे झूठे साबित हुए। यह पार्टी सत्ता हासिल करने के लिये किसी भी स्तर पर जा सकती है। विपक्षी दलों के विधायकों का खरीद फरोख्त कर इसने अनेकों राज्यों में जनादेश का अपमान किया है। धनबल का उपयोग कर भाजपा ने लोकतंत्र को कमजोर करने के अनेकों प्रयास किये है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा का मूल रूप से अलोकतांत्रिक चरित्र की पार्टी है। वह लोकतंत्र में भरोसा नहीं रखती है। भाजपा जब केंद्र में सत्ता में आई तो केन्द्रीय एजेंसियों के माध्यम से विपक्ष को प्रताड़ित और डराने का काम किया। विपक्ष के नेताओं को बदनाम करने उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज करना यह पार्टी का मूल चरित्र है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा अपने कार्यकर्ताओं को चुनाव कार्य में लगाती है तो देवतुल्य बताती है लेकिन जैसे ही चुनाव खत्म हो जाता है अपने कार्यकर्ताओं का शोषण करती है और कार्यकर्ताओं का दोहन करती है और कार्यकर्ताओं को हार का जिम्मेदार ठहराया जाता है। भाजपा के लिए कार्यकर्ता उसके झूठे एजेंडे को प्रचारित करने का साधन मात्र है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा का कोई उद्देश्य नहीं, न इस पार्टी का कोई जनतांत्रिक चरित्र है और न ही कोई पार्टी का पॉलिटिकल एजेंडा है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के हिडन एजेंडे को पॉलिटिकल रूप से लागू करने के लिये यह पार्टी बनायी गयी है, चुनावों में जनता से लोकलुभावन वादे कर सत्ता हासिल करना और चुनाव के बाद अपने वादे से मुकरने का भाजपा का इतिहास रहा है। वर्तमान दौर में अटल-आडवाणी के सिद्धांत किनारे कर दिये गये है, भारतीय जनता पार्टी के भीतर हम दो और हमारे दो का कब्जा है। राजनीतिक स्वार्थ में तमाम दागी, भ्रष्टाचारी और अपराधियों की शरणस्थली बन चुकी है। भाजपाइयों को स्थापना दिवस पर आत्म अवलोकन करना चाहिए कि क्या यही उनका लक्ष्य था?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *