अफीम के बाद गांजे की खेती का खुलासा, सरकार के संरक्षण से संभव – दीपक बैज

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश में 6 जगह अफीम की खेती के खुलासे के बाद अब कोंडागांव के केशकाल ब्लॉक में गांजे की खेती का खुलासा हुआ है। मक्के की खेती के बीच गांजे की खेती हो रही थी। तीन दिन पहले सरकार ने 30 जिला कलेक्टरों के हवाले से दावा किया कि कलेक्टरों ने सर्चिंग ऑपरेशन चलाकर तफ्तीश किया कहीं पर अफीम, गांजे आदि की खेती नहीं हो रही है। केशकाल में गांजे की खेती के खुलासे से साफ हो गया कि कलेक्टरों ने सरकार को गलत रिपोर्ट दी या सरकार ने कलेक्टरों के माध्यम से जनता से झूठ बोला। सरकार बताये कि अब वह कलेक्टर पर कार्यवाही करेगी। सरकार के इस लीपापोती से साफ हो रहा कि सरकार के संरक्षण में ही अफीम गांजा की खेती हो रही, सरकार इस पर कार्यवाही नहीं करना चाह रही। इसका उदाहरण है नगरी जहां पर अफीम खेती पर सरकार ने एफआईआर ही दर्ज नहीं किया, केवल पौधे नष्ट किये गये।

आबकारी मेन्स पावर सप्लाई घोटाले की जांच ईडी, ईओडब्ल्यू कब जांच करेगी?

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि आबकारी विभाग में मेन्स पावर सप्लाई का काम भाजपा के एक राष्ट्रीय नेता की कंपनी को गलत तरीके से दिया गया है। 300 करोड़ के इस घोटाले की जांच ईडी, ईओडब्ल्यू कब करेगी? प्रदेश की जनता जानना चाहती है, गुजरात के किस नेता के इशारे पर यह घोटाला किया गया। मुख्यमंत्री, आबकारी मंत्री इस घोटाले की नैतिक जिम्मेदारी लेंगे?

एक्साइज ड्यूटी की कमी से जनता को फायदा नहीं

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि केंद्र सरकार ने डीजल को विशेष एक्साइज से मुक्त कर दिया है तथा पेट्रोल पर 10 रुपये की छूट किया है। एक्साइज ड्यूटी कम करने से जनता को कोई फायदा नहीं होगा, सिर्फ पेट्रोलियम कंपनियों का कवर होगा। यदि छूट दी गयी है तो डीजल, पेट्रोल के दाम जनता को सस्ता मिलना चाहिए। मोदी सरकार ने कोरोना काल में डीजल, पेट्रोल पर एक्साइज बेतहाशा बढ़ाया था, जिससे केंद्र ने जनता से 45000 करोड़ का मुनाफा कमाया था। अब युद्ध काल में उसी मुनाफे से जनता को राहत दी जाए। भाजपाई कल से बयान देकर भ्रम फैला रहे।

सरकार की वित्तीय स्थिति बदहाल, ठेकेदार आत्महत्या की धमकी दे रहे

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश सरकार की वित्तीय हालात गंभीर हो चुकी है। खराब वित्तीय प्रबंधन के कारण सरकार ने निर्माण कार्य, विकास कार्य बंद कर दिया है। अब तो सरकार छोटे-छोटे पेमेंट भी ठेकेदारों का नहीं कर पा रही है। पीएचई के एक ठेकेदार ने अपना काम पूरा कर लिया, सरकार उसका पेमेंट नहीं दे पा रही, उसने 30 मार्च पीएचई ऑफिस के सामने आत्मदाह की धमकी दिया है। सभी विभागों में यही हालात है वित्त की कमी से सारे काम ठप्प पड़े है।

धान खरीदी बंद हुए 2 माह होने जा रहा, धान संग्रहण केंद्रों पर पड़ा है

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि धान खरीदी को बंद हुए 2 माह पूरा होने जा रहा, सरकार अभी संग्रहण केंद्रों से धान का उठाव नहीं करवा पा रही है। मिलर धान लेने आवेदन कर रहे, अनुबंध भी कर चुके है, सरकार मिलरों को डीओ नहीं दे रही। धान सूख रहा, बेमौसम बारिश से भीग भी रहा, खराब हो रहा। सरकार भ्रष्टाचार करने की नीयत से धान का उठाव नहीं करवा रही, ताकि खराब होने का बहाना बना कर भ्रष्टाचार किया जा सके। एक बार फिर से चूहों को बदनाम करने की तैयारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *