रामनवमी पर आरण्यक ब्राह्मण समाज की भव्य जीवंत झाँकी, श्रद्धालुओं से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील

जगदलपुर। राम नवमी के पावन अवसर पर 360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य एवं आकर्षक जीवंत झाँकी निकाली जाएगी। यह झाँकी शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी, जिसमें भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों का सुंदर एवं जीवंत प्रदर्शन किया जाएगा।
झाँकी का शुभारंभ जगन्नाथ मंदिर से किया जाएगा, जो दंतेश्वरी मंदिर, संजय बाजार, हनुमान मंदिर, चांदनी चौक, स्टेट बैंक चौक एवं मेन रोड होते हुए पुनः जगन्नाथ मंदिर में समापन होगा। इसके पश्चात विधिवत पूजा-अनुष्ठान कर उपस्थित श्रद्धालुओं को भोग-प्रसाद वितरित किया जाएगा।
इसी अवसर पर समाज की वार्षिक महासभा (सामान्य सभा) का आयोजन आज 27 मार्च को किया जाएगा, जिसमें समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभाशाली व्यक्तियों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही वर्षभर आयोजित होने वाले सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर वरिष्ठजनों से विचार-विमर्श एवं सुझाव लिए जाएंगे।
समाज के अध्यक्ष वेदप्रकाश पांडे ने कहा कि रामनवमी का यह पर्व समाज की एकता, आस्था और संस्कृति का प्रतीक है। उन्होंने समाज के सभी लोगों से अपील किया है कि वे महासभा में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें तथा समाज की प्रगति, आवश्यक सुधार एवं आगामी योजनाओं पर अपने सुझाव रखें। साथ ही सभी समाजजन एवं श्रद्धालुओं से आग्रह किया गया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस भव्य आयोजन को सफल बनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *