
बस्तर। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय ढोढरेपाल में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों को सत्र 2025-26 की बोर्ड परीक्षा के प्रवेश पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य गोवर्धन पानीग्राही ने विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए शुभकामनाएं देते हुए प्रेरणादायक मार्गदर्शन प्रदान किया।
प्राचार्य ने घोषणा की कि बोर्ड परीक्षा में विद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्रा को उनके पिता स्व. दिनमणि पानीग्राही की स्मृति में ₹11,000 की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। साथ ही योग्य विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों ने विद्यार्थियों को परीक्षा संबंधी आवश्यक निर्देश, सावधानियां और अध्ययन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने छात्रों को आत्मविश्वास के साथ परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रेरित किया।
इसी क्रम में IDBI Bank के सहयोग से विद्यालय परिसर में “एक अच्छा नागरिक” विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतिभागी विद्यार्थियों को रंग और पेन उपलब्ध कराए गए तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। बैंक प्रतिनिधियों ने विद्यालय को दो वॉटर कूलर भी प्रदान किए, जिससे विद्यार्थियों को स्वच्छ एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।