कार्यभार सम्हालते ही एक्शन मोड में टीआई सिंह…थाने में ली गई हुई डीजे संचालकों की बैठक

० समय सीमा एवं ध्वनि नियंत्रण के दिए निर्देश 
जगदलपुर। कोतवाली थाना जगदलपुर के प्रभारी के रूप में कार्यभार सम्हालते ही टीआई शिवानंद सिंह एक्शन मोड में आ गए हैं। श्री सिंह को कोतवाली थाने का कार्यवाहक थानेदार नियुक्त किया गया है। श्री सिंह ने सबसे पहले ध्वनि प्रदूषण को लेकर एक्शन लिया है।
बस्तर के पुलिस अधीक्षक बस्तर शलभ सिन्हा के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग एवं नगर पुलिस अधीक्षक अमित देवांगन के पर्यवेक्षण में थाना कोतवाली परिसर में कार्यवाहक थाना प्रभारी कोतवाली शिवानंद सिंह द्वारा जगदलपुर क्षेत्र के डीजे संचालकों की एक महति बैठक ली गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य परीक्षा के समय को देखते हुए आगामी आयोजनों, विवाह समारोहों एवं अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के दौरान डीजे संचालन के संबंध में निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करना था। सभी डीजे संचालकों को शासन द्वारा निर्धारित समय सीमा का कड़ाई से पालन करने की एवं रात्रि 10 बजे के बाद बिना सक्षम अनुमति के डीजे, लाउड स्पीकर का संचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। इसके अतिरिक्त ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण नियमों के अंतर्गत निर्धारित डेसिबल सीमा का पालन करने के निर्देश भी दिए गए। कहा गया कि किसी भी प्रकार की तेज आवाज, सार्वजनिक शांति भंग करने या कानून व्यवस्था प्रभावित करने की स्थिति में संबंधित डीजे संचालक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में उपस्थित सभी संचालकों को निर्देशों का पालन करने हेतु सचेत किया गया तथा शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया गया। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर ध्वनि प्रदूषण अधिनियम एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु प्रतिबद्ध है तथा आम नागरिकों से भी सहयोग की अपेक्षा की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *