रायपुर कोर्ट परिसर से दो विचाराधीन कैदी फरार, पुलिस में हड़कंप

रायपुर। राजधानी रायपुर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। सेंट्रल जेल में बंद दो विचाराधीन कैदी पेशी के लिए कोर्ट लाए गए थे, लेकिन पेशी से पहले ही पुलिसकर्मियों को चकमा देकर कोर्ट परिसर से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार फरार कैदियों की पहचान राजेश मारकण्डेय और तुलाराम मारकण्डेय के रूप में हुई है। दोनों हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराओं में आरोपी थे और न्यायिक अभिरक्षा में रहते हुए उनकी नियमित पेशी चल रही थी।

बताया जा रहा है कि पेशी के दौरान दोनों कैदी कोर्ट मोहर्रिर की अभिरक्षा में थे, तभी मौका पाकर वे फरार हो गए। जब पुलिसकर्मियों ने उन्हें आसपास नहीं पाया तो पहले अपने स्तर पर तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर जेल प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को सूचना दी गई।

घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सिविल लाइन्स थाना पुलिस ने फरार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 262 के तहत मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *