गरियाबंद। जिले के राजिम थाना क्षेत्र अंतर्गत दुतकैया गांव में रविवार देर रात हुए उपद्रव के बाद अब स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार बीते दो दिनों से दो समुदायों के बीच चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था, जिसके बाद गांव में तनाव फैल गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए रायपुर रेंज के आईजी ने पुलिस अधीक्षक गरियाबंद के साथ देर रात मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। पुलिस ने पूरे गांव को छावनी में तब्दील कर दिया है और बड़ी संख्या में बल तैनात किया गया है।
हिंसा के दौरान अपराधियों को बचाने के आरोपों को लेकर ग्रामीणों और पुलिस के बीच भी झड़प हुई, जिसमें 3 से 4 पुलिस जवान घायल हो गए। वहीं, पुलिस कार्रवाई के दौरान कई ग्रामीणों को भी चोटें आने की सूचना है।
उपद्रव के दौरान उग्र भीड़ ने आरोपियों के घरों को निशाना बनाया और आगजनी की। एक घर के बाहर खड़ी दोपहिया गाड़ियों में भी आग लगा दी गई, जिससे वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक पक्ष के तीन आरोपियों को देर शाम गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।