सुकमा। जिले में नक्सलवाद की कमर तोड़ने वाली एक और बड़ी सफलता हासिल हुई है। शुक्रवार को जिला मुख्यालय में 8 लाख रुपये के इनामी कुल 4 नक्सलियों ने हथियारों सहित पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। इनमें एसीएम (एरिया कमेटी मेंबर) रैंक का एक नक्सली और दो महिला नक्सली शामिल हैं। सरेंडर के दौरान इन नक्सलियों ने भारी भरकम हथियार जमा किए, जिनमें शामिल हैं SLR राइफल,INSAS राइफल,303 राइफल,315 राइफल साथ ही भारी मात्रा में एम्युनिशन ये सभी नक्सली गोलापल्ली, कोंटा और किस्टाराम क्षेत्रों में सक्रिय थे और कई बड़ी नक्सली घटनाओं में शामिल रहे हैं। इन पर कुल 8 लाख रुपये का इनाम घोषित था, जो उनकी गंभीर आपराधिक गतिविधियों का प्रमाण है।
संयुक्त अभियान और ‘पूना मारगेम’ की कामयाबी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह आत्मसमर्पण सुकमा पुलिस और आंध्र प्रदेश की अल्लूरी सीताराम राजू जिला पुलिस के संयुक्त प्रयासों का नतीजा है। राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान “पूना मारगेम – पुनर्वास से पुनर्जीवन” के तहत यह कार्रवाई सफल रही। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य हिंसा का रास्ता छोड़ने वाले माओवादियों को समाज की मुख्यधारा में वापस लाना और उन्हें पुनर्वासित करना है। सरकार की नीति के तहत सरेंडर करने वाले नक्सलियों को तत्काल आर्थिक सहायता, इनाम राशि और अन्य पुनर्वास सुविधाएं प्रदान की जाती हैं, जिससे वे नई जिंदगी शुरू कर सकें।