यह कला नहीं, कलंक है छत्तीसगढ़ की संस्कृति के लिए : दीपक बैज

0 गरियाबंद गेस्ट हाउस डांस कांड पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की प्रतिक्रिया 
0 कहा दीपक बैज ने- यही है -भाजपा की संस्कृति 
जगदलपुर। कुछ दिन पहले गरियाबंद के लोक निर्माण विभाग गेस्ट हाउस में हुए अश्लील डांस को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज का बड़ा बयान आया है। इस अश्लील डांस को प्रदेश के मंत्री द्वारा कला बताए जाने पर दीपक बैज ने कहा है कि यह कला नहीं, छत्तीसगढ़ की संस्कृति के लिए कलंक है।

उल्लेखनीय है कि गरियाबंद के गेस्ट हाउस में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भोजपुरी गीत पर कुछ महिलाओं द्वारा फूहड़ डांस के बीच रुपए बांटने की बात सामने आई थी। यह डांस पूरे राज्य में चर्चा और विवाद का विषय बन गया है। इस आयोजन की अनुमति देने वाले एसडीएम को सस्पेंड कर दिया गया है। प्रदेश सरकार के मंत्री राम विचार ने इसे सामान्य घटना बताते हुए कला का प्रदर्शन कहा था। इस बीच आज जगदलपुर प्रवास पर आए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने इस मामले को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी और भाजपा पर जमकर निशाना साधा। दीपक बैज ने कहा कि ऐसे फूहड़ डांस को हम हरगिज कला नहीं मान सकते। समाज में इस तरह की फूहड़ता को कोई भी बर्दाश्त नहीं कर सकता है। लेकिन बीजेपी के नेता मंत्री और नेता अब बार बालाओं के डांस में शामिल होकर उसे कला का प्रदर्शन कहते है तो यह उनकी मानसिक स्थिति को स्पष्ट करता है। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि हमारे छत्तीसगढ़ की कला और संस्कृति की विशिष्ट पहचान है, उसमें अश्लीलता और फूहड़ता के लिए कोई जगह नहीं है। श्री बैज ने कहा कि इस तरह के नाच गाने भले ही भाजपा, उसके मंत्री और नेताओं के लिए कला हो सकती है, लेकिन छत्तीसगढ़ की संस्कृति के लिए यह कलंक है। ऎसी तथाकथित कला को कोई भी स्वाभिमानी छत्तीसगढ़िया हरगिज बर्दाश्त नहीं कर सकता। दीपक बैज ने कहा कि यह भाजपा का कल्चर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *