अजय चंद्राकर ने चेताया: कमर के नीचे वार नहीं, मुकाबला आमने-सामने होगा

रायपुर। वरिष्ठ भाजपा नेता अजय चंद्राकर ने ईडी कार्रवाई को लेकर फैल रही अफवाहों और विरोधियों के आरोपों पर मुखर प्रतिक्रिया दी है। अपने निवास पर मीडिया से रूबरू होते हुए उन्होंने कहा कि मेरे खिलाफ कई तरह की बातें चल रही हैं, लेकिन वे राजनीति में किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए सक्षम हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि “कमर के नीचे वार” युद्ध नहीं है, युद्ध आमने-सामने होता है। देखते हैं कौन पहले कार्रवाई करता है।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन पर उन्होंने कहा कि नितिन नबीन की टीम में छत्तीसगढ़ के नेताओं को फायदा मिलेगा और नबीन छत्तीसगढ़ के नेताओं की क्षमता को अच्छे से जानते हैं।

डीएड-बीएड अभ्यर्थियों के प्रदर्शन पर अजय चंद्राकर ने कहा कि सरकार अपने हिसाब से नियुक्तियां निकालती है और विज्ञापन आने पर अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कांग्रेस की आपत्ति पर कहा कि यदि कांग्रेस सरकार से बहस नहीं कर सकती तो मुझसे बहस कर ले।

मनरेगा विधेयक और छत्तीसगढ़ रोजगार गारंटी योजना के संदर्भ में उन्होंने कहा कि कांग्रेस को छत्तीसगढ़ से नफरत है, इसलिए ऐसे विवादास्पद बयान आते हैं। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव गुंजन सिंह के महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध पर बयान पर उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि ये बयान केवल कांग्रेस का आत्म-प्रचार है।

छत्तीसगढ़ के आम बजट पर अजय चंद्राकर ने कहा कि बजट का आकार बढ़ रहा है और हम 2 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ बदल रहा है, विकास हो रहा है, और बजट जन भावना के अनुरूप होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *