बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के वनांचल क्षेत्र भालुकोंनहा गांव में एक नीम के पेड़ से लगातार सफेद रंग का तरल पदार्थ निकलने की अनोखी घटना सामने आई है। ग्रामीण इसे देवी का चमत्कार मानकर पेड़ की पूजा-पाठ शुरू कर दी है और तरल को प्रसाद के रूप में ग्रहण कर रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि पेड़ से तेज गंध और हल्की आवाज के साथ यह सफेद तरल बह रहा है। इसका स्वाद नारियल पानी जैसा मीठा लग रहा है। घटना कार्तिक राम कुमेटी के खेत में स्थित नीम के पेड़ की है। ग्रामीण तरल पदार्थ को एकत्रित कर मटकों में भरकर प्रसाद के रूप में वितरित कर रहे हैं। कई लोगों का दावा है कि इस तरल के सेवन से उनकी बीमारियों में राहत मिल रही है।
पेड़ के आसपास अब पूजा स्थल बना दिया गया है। लोग पवित्र धागे (मौली) बांधकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं। एक ग्रामीण ने बताया कि ऐसा दृश्य उन्होंने जीवन में पहली बार देखा है और यह निश्चित रूप से देवी का चमत्कार है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद दूर-दराज से लोग गांव पहुंचकर पेड़ की पूजा कर रहे हैं और तरल प्रसाद ले रहे हैं। हालांकि, कुछ लोग इसे प्राकृतिक कारण बता रहे हैं। उनका मानना है कि यह पेड़ के रस का लीकेज या कोई रासायनिक प्रतिक्रिया हो सकती है। विशेषज्ञों का कहना है कि नीम के पेड़ से कभी-कभी रस या अन्य तरल निकल सकता है, लेकिन इसे चमत्कार मानकर सेवन करना स्वास्थ्य के लिए जोखिम भरा हो सकता है।