छत्तीसगढ़ में तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास को नई रफ्तार, लगभग 60 हजार विद्यार्थी लाभान्वित – मंत्री गुरु खुशवंत साहेब

रायपुर। छत्तीसगढ़ में तकनीकी, व्यावसायिक शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में व्यापक सुधार और विस्तार किया जा रहा है। यह बात तकनीकी शिक्षा, रोजगार एवं कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने प्रेस वार्ता में कही। उन्होंने बताया कि राज्य में तकनीकी शिक्षा विभाग के अंतर्गत वर्तमान में 29 इंजीनियरिंग महाविद्यालय, 53 पॉलिटेक्निक और 101 फार्मेसी संस्थान संचालित हैं, जिनमें लगभग 60 हजार छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। बीते वर्षों की तुलना में इस वर्ष इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक संस्थानों में प्रवेश में करीब 20 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

मंत्री ने बताया कि सत्र 2025-26 से आईआईटी की तर्ज पर शासकीय पॉलिटेक्निक और इंजीनियरिंग कॉलेजों के उन्नयन के तहत रोबोटिक्स, इंटरनेट ऑफ थिंग्स जैसी इमर्जिंग ब्रांच के साथ 4 छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी की स्थापना की गई है। साथ ही रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में भी शीघ्र ऐसे संस्थान स्थापित किए जाएंगे।

राज्य में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए गुजरात के i-Hub के साथ एमओयू कर शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय रायपुर में i-Hub की स्थापना की गई है, जहां छात्रों को स्टार्टअप और इनोवेशन के लिए मार्गदर्शन दिया जा रहा है। इसके अलावा Apanatech, CSRBOX, CII और YI जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ एमओयू कर विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण और स्टार्टअप से जोड़ने की पहल की गई है।

मंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को सत्र 2025-26 से छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय में लागू किया गया है। वहीं आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा ऋण ब्याज अनुदान योजना के तहत अब तक 11,643 विद्यार्थियों को 22.53 करोड़ रुपये का ब्याज अनुदान दिया जा चुका है।

शासकीय पॉलिटेक्निक और इंजीनियरिंग संस्थानों में कार्यरत शिक्षकों और कर्मचारियों को पदोन्नति और समयमान वेतनमान का लाभ भी दिया गया है। इसके अलावा प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, पीएम विश्वकर्मा, पीएम जनमन और मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत हजारों युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगार उपलब्ध कराया गया है।

बस्तर संभाग में विशेष रूप से कौशल विकास केंद्र, लाइवलीहुड कॉलेज, छात्रावास और पुनर्वास केंद्रों के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। मंत्री ने बताया कि आईटीआई सुदृढ़ीकरण के तहत नए ट्रेड, आधुनिक तकनीकों जैसे ड्रोन, 5जी, ईवी टेक्नोलॉजी और 3डी प्रिंटिंग में प्रशिक्षण शुरू किया गया है।

प्रेस वार्ता में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम, आत्मनिर्भर और रोजगार योग्य बनाना है, ताकि छत्तीसगढ़ का युवा प्रदेश और देश के विकास में निर्णायक भूमिका निभा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *