रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मंगलवार तड़के पुलिस ने जोरदार कार्रवाई करते हुए ‘ऑपरेशन समाधान’ के तहत शहर के मोवा, खमतराई, सिविल लाइन सहित कई इलाकों में धरपकड़ अभियान चलाया। दूसरे राज्यों से आए करीब 1000 लोगों से सघन पूछताछ की गई, जिसमें 100 से अधिक संदिग्ध व्यक्ति पकड़े गए और उन्हें हिरासत में ले लिया गया।
एसएसपी लाल उमेद सिंह के सख्त निर्देश पर सुबह 4 बजे से शुरू हुआ यह अभियान रोहिंग्या और बांग्लादेशी घुसपैठियों की आशंका पर केंद्रित है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हिरासत में लिए गए इन संदिग्धों के दस्तावेज अधूरे या संदिग्ध पाए गए हैं। सभी के मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं और उनकी तकनीकी जांच चल रही है, जिसमें कॉल डिटेल्स और लोकेशन की गहन पड़ताल की जा रही है।
ये संदिग्ध मुख्य रूप से ऑटो रिक्शा चलाने और मजदूरी का काम करते हैं। पुलिस लाइन थाने के बाहर सुबह से ही इनके परिजन इकट्ठा होकर इंतजार कर रहे हैं। परिजनों का कहना है कि सुबह 5 बजे पुलिस उनके घर पहुंची, बिना कोई कारण बताए पूछताछ शुरू की और मोबाइल छीन लिए। थाने के अंदर कई लोगों से लगातार पूछताछ जारी है, लेकिन परिवार वालों को कोई सहायता नहीं मिल रही।