गरियाबंद। जिले के लोहरसी धान खरीदी केंद्र में किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। केंद्र प्रबंधन पर गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए सैकड़ों किसानों ने जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों का दावा है कि धान की नमी के बहाने प्रति बोरी 1 किलो तक की मनमानी कटौती की जा रही है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक चपत हो रही है।
किसानों ने बताया कि कर्मचारी बिना किसी माप-तौल के धान में ज्यादा नमी दिखाकर कटौती कर रहे हैं, जो खरीदी के सरकारी नियमों के खिलाफ है। कई दिनों से शिकायतों के बावजूद कोई अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहा। एक किसान ने कहा, “हम परेशान हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही। यह धांधली है!”
सुबह से ही केंद्र के बाहर किसान जुट गए और “धांधली बंद करो”, “नियमों का पालन करो” जैसे नारे लगाते हुए प्रदर्शन किया। माहौल तनावपूर्ण हो गया, और स्थिति हाथ से निकलने लगी।
विवाद देखकर जिला पंचायत सदस्य इंद्रजीत महाडिक मौके पर पहुंचे। किसानों ने उन्हें अपनी शिकायतें बताईं कि बिना जांच के कटौती हो रही है और अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं। महाडिक ने किसानों को शांत करने की कोशिश की और तुरंत संबंधित अधिकारियों से जांच व कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा, “यह गंभीर मामला है, मैं खुद फॉलोअप करूंगा। किसानों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज होगा, धरना-प्रदर्शन बढ़ाएंगे।