घरेलू विवाद में पति ने पत्नी की हत्या की, फिर ट्रेन के सामने कूदकर दी जान

रायपुर। राजधानी रायपुर के चंडी नगर इलाके में सनसनीखेज घटना सामने आई है। घरेलू विवाद के चलते एक पति ने पहले अपनी पत्नी की हत्या कर दी और इसके बाद ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

यह मामला खम्हारडीह थाना क्षेत्र के चंडी नगर का है। जानकारी के अनुसार, राजन गुप्ता वेल्डिंग का काम करता था, जबकि उसकी पत्नी रेखा गुप्ता एक लैब में कार्यरत थी। बताया जा रहा है कि राजन नियमित काम न मिलने के कारण तनाव में रहता था और अक्सर पत्नी से पैसे लेकर शराब पीता था, जिसके चलते घर में विवाद होता रहता था।

सोमवार रात पति-पत्नी के बीच फिर से विवाद हुआ, जिसके बाद राजन ने कथित तौर पर रेखा की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने एक सुसाइड नोट लिखा और कचना रेलवे फाटक पर जाकर ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। पुलिस ने मौके से सुसाइड नोट बरामद किया है, जिसकी जांच की जा रही है।

घटना की सूचना मिलने पर सीएसपी रमाकांत साहू, थाना प्रभारी और खम्हारडीह थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, तेलीबांधा थाना से रेलवे फाटक पर शव मिलने की सूचना मिली थी। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के घर से महिला का शव भी बरामद किया।

मौके पर फॉरेंसिक और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद से जांच की जा रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *