० 150वीं वर्षगांठ पर वन्दे मातरम् के पूर्ण गीत का होगा सामूहिक गायन : डिप्टी सीएम अरुण साव
रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज नवा रायपुर निवास कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहा कि, कांग्रेस को देश और देशभक्ति से कोई मतलब नहीं है। वो तुष्टिकरण और एक परिवार की चाटुकारिता करने वाली पार्टी बनकर रह गई है। आजादी के आंदोलन में सिर्फ एक परिवार का महिमा मंडन किया गया। स्वतंत्रता सेनानियों ने वंदे मातरम् गीत गाकर फांसी पर झूलकर देश को आजादी दिलाई, उसे कांग्रेस ने भुला दिया। राष्ट्रीय गीत वन्दे मातरम् गीत को भी भुला दिया, लेकिन भाजपा ने स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मान दिया है। उन्होंने कहा कि, राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ 7 नवंबर को है। इस दिन भाजपा ने देशभर में 150 स्थानों पर सामूहिक रूप से पूर्ण गीत गायन का आयोजन रखा है। अलग अलग शासकीय कार्यालयों में भी वंदे मातरम् का गायन होगा।
श्री साव ने कहा कि, पिछले बीस वर्षों में बिहार में नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में परिवर्तन आया है। राज्य में कानून व्यवस्था की स्थित ठीक हुई है। विकास से बिहार की तस्वीर बदली है। इसलिए जनता एक बार फिर एनडीए को भारी बहुमत से जिताने जा रही है। उन्होंने कहा कि, पिछले दिनों अनेक स्थानों पर चुनाव प्रचार के लिए जाना हुआ, जनता के समर्थन से स्पष्ट है कि वे पूरी तरह से एनडीए के पक्ष में है। महागठबंधन के बारे में जनता भलीभांति जानती है, और जानबूझकर जंगल राज को और मौका नहीं देगी।
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के लिए कांग्रेस अपनी बीएलओ को प्रशिक्षित नहीं कर पाई है। इस पर श्री साव ने कहा कि, लगातार हार से कांग्रेसियों में निराशा है,सब घर बैठ गए हैं। अब उनके पास न कार्यकर्ता है और न ही मतदाता है। और अपनी इस कमजोरी का ठीकरा ईवीएम और मतदाता सूची पर फोड़ रहे हैं। वहीं भाजपा का संगठनात्मक आधार हर बूथ तक है, नए मतदान केंद्रों पर भी भाजपा संगठन सक्रिय हैं। हर केंद्र में भाजपा के बीएलओ है। इसके माध्यम से SIR काम की निगरानी तत्परता से होगी। मतदाता सूची से पात्र लोग ना छुटे, तथा अपात्र लोगों का नाम न जुड़े, यह देखने का काम हमारे बीएलओ करेंगे।
श्री साव ने कहा कि, सरकार ने धान खरीदी की पूरी तैयारी कर ली है। ताकि हमारे किसानों को कोई तकलीफ ना हो। पुख्ता व्यवस्था सरकार द्वारा की गई है।