राहुल गांधी को गोली मारने की धमकी संघ की पाठशाला का प्रशिक्षण – दीपक बैज

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष कांग्रेस के वरिष्ठ नेता को केरल भाजपा के एक प्रवक्ता ने सीने में गोली मारने की धमकी दी हैं। यह बेहद ही गंभीर है, यही भाजपा का फासीवादी चरित्र है जो आपका मुखर विरोध करे उसे मिटा दो जान से मार दो। आज के 77 साल पहले भी आरएसएस के एक गुर्गे नाथूराम ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सीने में गोली मारा था, आज फिर से वैसे ही नाथूराम महादेवा के रूप में एक और गांधी के सीने में गोली मारना चाह रहा है। इस धमकी के बाद अभी तक भाजपा नेतृत्व ने न इसकी आलोचना की न ही धमकी देने वाले के खिलाफ कोई कार्यवाही किया है यह बताता है कि समूची भाजपा अपने इस आतंकी प्रवक्ता के साथ खड़ी है उसके इस वक्तव्य से सहमत है। कांग्रेस पार्टी ने निर्णय लिया है कि धमकी देने वाले इस भाजपाई के खिलाफ आज प्रदेश के सभी जिलों में एफआईआर दर्ज कराएंगे।

छत्तीसगढ़ अवैध शराब का गढ़ बन गया है

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि राज्य में जब से भाजपा की सरकार बनी है छत्तीसगढ़ अवैध शराब का गढ़ बन गया है। साय सरकार शराब की काली कमाई में डूबी हुई है। राजनांदगांव में महतारी एक्सप्रेस का उपयोग शराब तस्करी के लिए किया जा रहा था। मुंगेली में स्कूल को अवैध शराब का डंप यार्ड बना दिया गया। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा ,राजनांदगांव सहित प्रदेश के सभी शहरों में नकली होलो ग्राम लगा कर अवैध शराब बेची जा रही। पड़ोसी राज्यों उड़ीसा, महाराष्ट्र, झारखंड से बड़ी मात्रा में शराब ला कर प्रदेश में बेची जा रही। शराब के इस अवैध कारोबार में सरकार खुद शामिल है। सरकारी शराब दुकानों से दो नंबर की शराब बेची जा रही है। बिना सरकार के संरक्षण के न अवैध शराब राज्य में आ सकती है और न ही बेची जा सकती है।

3 एवं 4 अक्टूबर को महंगी बिजली के खिलाफ प्रदेश के सभी बिजली दफ्तरों में ताले बंदी

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि बिजली के दामों में हुई बेतहाशा बढ़ोतरी के खिलाफ पूरे प्रदेश में कांग्रेस लगातार चरण बद्ध आंदोलन चला रही है। इसी के अगले चरण में 3 एवं 4 अक्टूबर को प्रदेश के सभी छोटे बड़े बिजली दफ्तरों में कांग्रेस जन ताला बंदी के विरोध प्रदर्शन करेंगे। सभी नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं से कहा गया कि वे अपने नजदीकी बिजली दफ्तरों में ताला बंदी आंदोलन में शामिल हो।

निःशक्त जन घोटाले के दायरे में तत्कालीन मुख्यमंत्री और मंत्री को भी लाया जाये

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि रमन सरकार के समय निशक्तजनो के नाम पर एनजीओ बनाकर 1000 करोड़ रू. से अधिक रूपयो का घोटाला किया गया। हाईकोर्ट ने इस मामले की सीबीआई जांच की अनुशंसा किया है। हमारी मांग है कि इस घोटाले की जांच के दायरे में केवल अधिकारी ही नहीं तत्कालीन मुख्यमंत्री रमन सिंह और महिला बाल विकास मंत्री रेणुका सिंह सहित पूरी सरकार को लाया जाये। बिना सरकार के संरक्षण के इतना बड़ा घोटाला संभव नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *