कांकेर-नारायणपुर सीमा पर पुलिस-नक्सली मुठभेड़, 8 लाख का इनामी नक्सली ढेर

कांकेर। जिले के परतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम गेड़ाबेड़ा जंगल-पहाड़ी इलाके में मंगलवार को पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने एक इनामी माओवादी को ढेर कर दिया। मौके से .303 रायफल, वॉकी-टॉकी सेट और अन्य नक्सली सामग्री भी बरामद की गई है।

जानकारी के अनुसार, 7 सितंबर से कांकेर-नारायणपुर सीमावर्ती क्षेत्र में डीआरजी और बीएसएफ की संयुक्त टीम सर्चिंग अभियान पर निकली थी। 9 सितंबर को अभियान के दौरान माओवादियों से आमना-सामना हुआ और गोलीबारी शुरू हो गई। मुठभेड़ के बाद तलाशी में एक पुरुष नक्सली का शव बरामद हुआ।

अधिकारियों ने बताया कि मारा गया नक्सली मासा था, जो पीएलजीए की मिलिट्री कंपनी नंबर 05 का सदस्य था। उस पर 8 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुन्दरराज पी, उप महानिरीक्षक कांकेर रेंज अमित तुकाराम कामले, उप महानिरीक्षक बीएसएफ (भानुप्रतापपुर सेक्टर) विपुल मोहन बाला और एसएसपी कांकेर आई.के. एलिसेला ने संयुक्त रूप से जानकारी दी।

आईजी बस्तर सुन्दरराज पी ने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और प्रतिकूल मौसम के बावजूद सुरक्षा बल पूरी निष्ठा के साथ बस्तरवासियों की सुरक्षा और शांति स्थापित करने के लिए कार्यरत हैं। उन्होंने नक्सल कैडरों से अपील की कि वे यह समझें कि माओवाद अब समाप्ति की ओर है। हिंसा का रास्ता छोड़कर सरकार की पुनर्वास नीति का लाभ उठाएं, अन्यथा कठोर परिणाम भुगतने होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *