धमतरी में अन्नपूर्णा ढाबा के पास तिहरे हत्याकांड का खुलासा, 8 आरोपी गिरफ्तार

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के थाना अर्जुनी क्षेत्र में भोयना के अन्नपूर्णा ढाबा के पास 11 अगस्त 2025 की रात तीन युवकों की हत्या के मामले में पुलिस ने महज कुछ घंटों में पर्दाफाश कर दिया। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने 8 आरोपियों, जिनमें 3 नाबालिग शामिल हैं, को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी गोपी दीवान सहित सभी आरोपियों को बीएनएस की गंभीर धाराओं के तहत जेल भेज दिया गया है।

घटना का विवरण:
11 अगस्त 2025 की रात करीब 11:20 बजे थाना अर्जुनी को सूचना मिली कि भोयना में अन्नपूर्णा ढाबा के पास धारदार हथियार से हमला कर तीन लोगों की हत्या कर दी गई है। वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। प्रार्थी राहुल कुमार साहू (34 वर्ष, निवासी ग्राम सोरम, थाना रुद्री) की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया।

शिकायत के अनुसार, मृतक आलोक सिंह ठाकुर, नितिन टांडी और सुरेश हियाल अपने साथियों के साथ ढाबा पहुंचे थे। वहां पहले से मौजूद 8 आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज और हाथापाई शुरू कर दी। इसी दौरान मुख्य आरोपी गोपी दीवान ने चाकू से तीनों पर प्राणघातक हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम और पता:

  1. गोपी दीवान (20 वर्ष), ग्राम मथुराडीह, थाना अर्जुनी, धमतरी (मुख्य आरोपी)

  2. कुलेश्वर नेताम (25 वर्ष), ग्राम कोर्रा, थाना भखारा, धमतरी

  3. रणवीर कुमार साहू (20 वर्ष), ग्राम ईर्रा, थाना भखारा, धमतरी

  4. कमलेश ध्रुव (19 वर्ष), आमापारा, धमतरी

  5. गौतम दीवान (22 वर्ष), ग्राम मथुराडीह, थाना अर्जुनी, धमतरी

  6. तीन विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग)

पुलिस की कार्रवाई:
पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1), 190, 191(1)(3) के तहत मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई शुरू की। एसपी धमतरी के निर्देश पर पुलिस ने रात में ही सघन तलाशी अभियान चलाकर मुख्य आरोपी गोपी दीवान सहित सभी 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया गया। नाबालिग आरोपियों की सामाजिक पृष्ठभूमि की रिपोर्ट तैयार कर किशोर न्याय बोर्ड को सौंपी गई है। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *