छत्तीसगढ़ की राजधानी में जुटेंगे देशभर से 1000 बुनकर, रायपुर में होगा राष्ट्रीय अधिवेशन

रायपुर। सहकार भारती के बुनकर प्रकोष्ठ का प्रथम राष्ट्रीय अधिवेशन 23 और 24 अगस्त 2025 को राजधानी रायपुर के जैनम मानस भवन में आयोजित होगा। इसमें देशभर से 1000 से अधिक चुनिंदा सहकारी बुनकर प्रतिनिधि शामिल होंगे। कार्यक्रम की जानकारी सहकार भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. उदय जोशी ने प्रेस वार्ता में दी।

उन्होंने बताया कि संयुक्त राष्ट्र महासभा ने वर्ष 2025 को अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष घोषित किया है। इसी अवसर पर बुनकर प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अधिवेशन में बुनकरी उद्योग की चुनौतियों, भविष्य की संभावनाओं और नवीनतम नवाचारों पर मंथन होगा।

डॉ. जोशी ने कहा कि सहकार भारती 28 राज्यों के 650 से अधिक जिलों में सक्रिय है और ‘बिना संस्कार नहीं सहकार, बिना सहकार नहीं उद्धार’ के ध्येय पर काम कर रही है। बुनकर प्रकोष्ठ बुनकरी को तकनीक, बाजार और पूंजी की समस्याओं से उबारने के लिए अहम मंच बन सकता है।

दो दिवसीय अधिवेशन के विभिन्न सत्रों में बुनकरी क्षेत्र के विशेषज्ञ मार्गदर्शन देंगे। कार्यक्रम में सहकार भारती के शीर्ष पदाधिकारी डॉ. उदय जोशी, राष्ट्रीय महामंत्री दीपक कुमार, राष्ट्रीय संगठन मंत्री संजय पाचपोर, संस्थापक सदस्य व आरबीआई संचालक सतीश मराठे, राष्ट्रीय संयोजक अनंत कुमार मिश्र सहित कई केंद्रीय पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।

अधिवेशन में केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह, केंद्रीय एमएसएमई मंत्री जीतनराम मांझी, राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और सहकारिता मंत्री केदार कश्यप विशेष अतिथि होंगे। साथ ही केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह को भी आमंत्रित किया गया है, जिनके आने की संभावना है।

अधिवेशन की तैयारियों के लिए प्रदेश महामंत्री कनिराम, संयोजक सुरेन्द्र पाटनी, सह संयोजक पुरुषोत्तम देवांगन, कार्यालय मंत्री सौरभ शर्मा, व्यवस्था प्रमुख अजय अग्रवाल सहित कई समितियाँ गठित की गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *