धमतरी में खौफनाक वारदात: मामूली विवाद में रायपुर के तीन युवकों की चाकू से हत्या, 8 आरोपी गिरफ्तार

धमतरी। जिले के  मथुराडीह मोड़ स्थित अन्नपूर्णा ढाबा के पास देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात में रायपुर के तीन युवकों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। चश्मदीदों के अनुसार, 8 से 10 हमलावरों के समूह ने अचानक चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में नहर पारा के नितिन तांडी, सुरेश टांडी और आलोक सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक भागकर जान बचाने में सफल रहे।

अर्जुनी पुलिस के मुताबिक, हमलावरों में एक नाबालिग भी शामिल है। रातभर चली सर्चिंग और दबिश के बाद अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू और अन्य हथियार भी बरामद कर लिए हैं। आरोपी मथुराडीह, भोयना और कोर्रा गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं और सभी दिहाड़ी मजदूर हैं।

धमतरी एसपी सूरज सिंह परिहार ने बताया कि मामले की जांच जारी है और प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि घटना की शुरुआत शराब के नशे और मामूली विवाद से हुई। जानकारी के मुताबिक, आरोपी ढाबे में खाना खाने आए थे। पैसे मांगने पर उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया और कुर्सियां तोड़ दीं। उसी दौरान रायपुर के कुछ युवक वहां पहुंचे, जिनसे बीड़ी मांगने को लेकर कहासुनी हुई और देखते ही देखते विवाद जानलेवा हमले में बदल गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, हत्या में शामिल सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले का आधिकारिक खुलासा आज शाम तक किए जाने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *