सीजीएमएससी घोटाला: दुर्ग में मोक्षित कॉर्पोरेशन के ठिकानों पर ईडी की छापेमारी, इलाके में मचा हड़कंप

दुर्ग। छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड (सीजीएमएससी) में हुए 650 करोड़ रुपये से अधिक के कथित घोटाले की जांच के तहत प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को दुर्ग स्थित मोक्षित कॉर्पोरेशन के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई ने जिले भर में हड़कंप मचा दिया है।

सूत्रों के अनुसार, ईडी की टीम ने दुर्ग शहर में मोक्षित कॉर्पोरेशन के तीन आवासीय परिसरों और एक कार्यालय पर एक साथ दबिश दी। इस दौरान दो दर्जन से अधिक अधिकारी और सीआरपीएफ के जवानों की भारी टुकड़ी मौजूद रही। सुरक्षा के मद्देनज़र पूरे परिसर को चारों ओर से घेर लिया गया और किसी भी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया।

ईडी की टीम बुधवार सुबह एक दर्जन से अधिक गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंची और तुरंत दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी। जैसे ही छापेमारी की सूचना फैली, मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ईडी को जांच के दौरान क्या-क्या दस्तावेज या सामग्री बरामद हुई है। संभावना जताई जा रही है कि जांच पूरी होने के बाद ईडी औपचारिक बयान जारी करेगी।

गौरतलब है कि मोक्षित कॉर्पोरेशन का नाम सीजीएमएससी घोटाले में आने के बाद से ही जांच एजेंसियों की निगरानी में है। इससे पहले भी इस मामले में राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) द्वारा कई बार कार्रवाई की जा चुकी है 27 जनवरी 2025 को भी गंजपारा स्थित शांतिलाल और शशांक चोपड़ा के घर और कार्यालयों पर ईओडब्ल्यू और एसीबी की टीम ने दस्तावेजों की विस्तृत जांच की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *