
0 बचेली में घर पर काम करने बिहार से लाई गई है 12 साल बच्ची
जगदलपुर। एनएमडीसी बचेली में कार्यरत एक अधिकारी और उनकी पत्नी पर गंभीर आरोप लगे हैं। इस दंपत्ति पर एक नाबालिग बच्ची के शोषण का आरोप है। पुलिस ने थाने में बुलाकर दंपत्ति से पूछताछ की है।जिस बच्ची के शोषण का आरोप है उस 12 साल की बालिका को घरेलूकाम करने के लिए बिहार से बचेली लाया गया है।
बच्चे का डाइपर बदलने की बात पर अधिकारी की पत्नी जो कि बच्ची की मामी भी है, ने बच्ची से मारपीट की। मौके पर उपस्थित मामा राजेंद्र राजन भारती ने बीच बचाव किया। पार्षद मनोज साहा ने बताया कि अंजलि पिछले चार महीने से हाईटेक कॉलोनी बचेली के टाइप-04 क्वार्टर नंबर 172 में मामा-मामी के साथ रह रही थी। मारपीट के बाद 5 और 6 जुलाई की दरम्यानी रात बच्ची मामा-मामी के सोने के बाद घर से बिना बताए निकल गई। वह पास की कॉलोनी में जाकर छिप गई थी। 6 जुलाई की सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच कॉलोनी की एक महिला ने पार्षद मनोज साहा को फोन कर बताया कि एक बच्ची सीढ़ियों पर बैठी रो रही है। सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचे। वहां कुछ महिलाएं भी मौजूद थीं। बच्ची ने अपना नाम अंजलि यादव बताया। वह बिहार के सुपौल जिले के थेरिया की रहने वाली है। मनोज साहा ने मामी खुशु कुमारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर धारा 115 (2) बीएनएस और किशोर न्याय अधिनियम 2015 की धारा 75 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।