बस्तर के नक्सल प्रभावित गांवों में CRPF का सिविक एक्शन कार्यक्रम, ग्रामीणों को वितरित किए गए रेडियो

बस्तर। सीआरपीएफ की एफ/188 बटालियन पुसपाल घाट, बस्तर द्वारा 27 जून 2025 को नक्सल प्रभावित और सुदूरवर्ती क्षेत्रों में सिविक एक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों और सुरक्षाबलों के बीच विश्वास और समन्वय को मजबूत करना रहा।

कमांडेंट भवेश चौधरी के निर्देशन और सहायक कमांडेंट बन्ना राम के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में रतेंगा, नवा रतेंगा, पालम, ककनार, कोरमेल और तिरथा ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान 188 बटालियन सीआरपीएफ द्वारा फिलिप्स कंपनी के 60 नग उच्च गुणवत्ता वाले रेडियो ग्रामीणों को वितरित किए गए। रेडियो के माध्यम से ग्रामीण देश-प्रदेश की खबरों से जुड़े रहेंगे और यह उनके लिए एक मनोरंजन का साधन भी बनेगा।

इस मौके पर सहायक कमांडेंट बन्ना राम ने कहा कि सिविक एक्शन कार्यक्रम न केवल ग्रामीणों को लाभ पहुंचा रहे हैं, बल्कि इससे सुरक्षा बलों और आमजन के बीच बेहतर और सौहार्द्रपूर्ण संबंध भी बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि इलाके में शांति बनाए रखने और विकास की गति को आगे बढ़ाने के लिए यह आपसी सहयोग जरूरी है।

ग्राम पंचायतों के सरपंचों और ग्रामीणों ने CRPF की इस पहल की सराहना की और कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से आम लोगों को न सिर्फ सुविधा मिल रही है, बल्कि सुरक्षा बलों के प्रति विश्वास भी बढ़ रहा है। ग्रामीणों ने रेडियो वितरण के लिए सीआरपीएफ का आभार जताया और उम्मीद जताई कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *