वकील बना कातिल: क्लाइंट की हत्या कर शव को सीमेंट में दबाया, दिल्ली भागते पकड़े गए

रायपुर। इन्द्रप्रस्थ कॉलोनी स्थित किराये के मकान में क्लाइंट की हत्या करने वाले वकील और उसकी पत्नी सहित चार आरोपियों को पुलिस ने दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने मृतक किशोर पैकरा से लिए गए 30 लाख रुपए हड़पने के बाद हत्या की साजिश रची थी।

हत्या की साजिश और क्रूर अंजाम

पुलिस के अनुसार आरोपी अंकित उपाध्याय, जो पेशे से वकील है, ने अपनी पत्नी शिवानी शर्मा के साथ मिलकर 21 जून को किशोर पैकरा की गला दबाकर और चाकू मारकर हत्या की। हत्या के बाद शव को ट्राली बैग में बंद कर, ऊपर सीमेंट डालकर एक टिन की पेटी में रख दिया गया और सुनसान इलाके में फेंक दिया गया।

शव की बरामदगी और पहचान

23 जून को रायपुरा स्थित वंडरलैंड वाटर पार्क के पीछे डिपरापारा नाला किनारे एक टिन की पेटी से दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पेटी खोलने पर एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान किशोर पैकरा (58 वर्ष) निवासी आजाद चौक के रूप में हुई।

आरोपियों का दिल्ली भागने का प्लान फेल

हत्या के बाद आरोपी दंपत्ति दिल्ली भाग गए थे। रायपुर पुलिस की टीम ने दिल्ली एयरपोर्ट प्रशासन से समन्वय कर दोनों को फ्लाइट से उतरते ही गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उन्होंने हत्या की पूरी साजिश कबूल की। मामले में दो अन्य आरोपी विनय यदु और सूर्यकांत यदु को भी शव ठिकाने लगाने में मदद करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

30 लाख हड़पने से शुरू हुआ था विवाद

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी वकील अंकित उपाध्याय ने मृतक से कोर्ट केस के नाम पर 30 लाख रुपए लिए थे और उसे लौटाने से बच रहा था। लगातार दबाव बनाए जाने पर हत्या की साजिश रची गई।

फॉरेंसिक टीम का अहम रोल

घटना स्थल से साक्ष्य जुटाने में फॉरेंसिक टीम, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड की अहम भूमिका रही। आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त अल्टो कार, दो दोपहिया वाहन और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *