कांग्रेस के लोग केवल सत्ता के लोभी : भरत वर्मा

० कांग्रेस की फूट पर बोली भाजपा

० भूपेश बघेल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के दुश्मन बने हुए है : भाजपा

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री भरतलाल वर्मा ने कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट के सामने ही कांग्रेस की अंदरूनी कलह के खुलकर सामने आने पर कहा है कि आज छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की लगातार हो रही दुर्गति से सबक लेने के बजाय कांग्रेस के लोग आपसी सिर-फुटौव्वल में लगे हुए हैं। श्री वर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत को लेकर की गई शिकायत पर भी कटाक्ष किया।

भाजपा प्रदेश महामंत्री श्री वर्मा ने कहा कि बघेल ने जिस तरह से अपनी शिकायत में बैज और महंत को निष्क्रिय बताने का काम किया, उससे यह साफ हो चला है कि आज भी बघेल का घमंड गया नहीं है, वह अपने आपको ही सब कुछ समझते हैं। बघेल ने यह भी कहा कि उनके (बघेल के) लिए जिन कार्यकर्ताओं ने उल्टा-सीधा बोला, उन पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई? श्री वर्मा ने कहा कि बघेल को खुद पर की टिप्पणियों पर तो कार्रवाई न होने का मलाल सता रहा है, लेकिन बघेल पहले इस सवाल का जवाब भी तो दें कि जिस व्यक्ति के ऊपर संगठन के पैसे को गबन करने का आरोप लगाया गया, तो उस पर भी कार्रवाई क्यों नहीं हुई है? कार्रवाई केवल कार्यकर्ताओं पर ही क्यों होनी चाहिए, बड़े नेताओं पर कार्रवाई क्यों न हो? बघेल अपने कार्यकर्ताओं पर आज भी कार्रवाई करवाना चाहते हैं। बघेल तो अपने कार्यकर्ताओं को आतंकवादी संगठनों के लिए काम करने वाले स्लीपर सेल तक कह चुके हैं। श्री वर्मा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री बघेल पर जो गंभीर आरोप लगे हैं, उसका भी जवाब प्रदेश प्रभारी पायलट को देना चाहिए कि उन पर क्यों कार्रवाई नहीं हुई? इन्हीं दोहरे मापदंडों के चलते प्रदेश कांग्रेस में सारे नेता एक-दूसरे की टांग खींचने में लगे हैं और किसी को किसी पर कोई विश्वास रह ही नहीं गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *