गरियाबंद। जिले में रोक के बावजूद पिकअप में श्रमिकों को ले जाते समय एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शुक्रवार को बारूका मोड़ के पास नेशनल हाईवे 130 सी पर तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक, केबल बिछाई के काम में लगे सात श्रमिक पिकअप में सवार होकर पोंड से गरियाबंद की ओर आ रहे थे। तेज रफ्तार वाहन के नियंत्रण खोने से यह दुर्घटना हुई, जिससे वाहन में सवार लोग चीख-पुकार करने लगे। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।