विधायक किरण देव ने तितिरगांव समाधान शिविर में लिया समस्याओं का जायजा, 85% आवेदनों का हुआ निराकरण

जगदलपुर। विकासखंड जगदलपुर की ग्राम पंचायत तितिरगांव में आयोजित सुशासन तिहार 2025 के समाधान शिविर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। श्री देव ने शिविर में जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप “अपन मन के सरकार, हमर द्वार” अभियान के माध्यम से शासन-प्रशासन जनता के सीधे संपर्क में आकर उनकी समस्याओं को सुन व हल कर रहा है।

श्री देव ने बताया कि जिलेभर में 1.88 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 85 प्रतिशत का निराकरण किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा है कि हर पात्र हितग्राही को आवास योजना का लाभ मिले। इस दिशा में विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि कोई पात्र व्यक्ति वंचित न रहे। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों और सरपंचों से सहयोग की अपील की।

विधायक किरण देव ने तितिरगांव पहुंच मार्ग के विकास प्रस्ताव की घोषणा की और बालिकोंटा स्वास्थ्य केंद्र में स्टाफ की बढ़ोतरी की बात भी कही। शिविर में उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल में स्वास्थ्य परीक्षण भी करवाया। उन्होंने सभी विभागों को आवेदनों के निराकरण के लिए धन्यवाद दिया।

इस अवसर पर कमिश्नर डोमन सिंह, कलेक्टर हरिस एस, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, जनपद अध्यक्ष पदलाम नाग, उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम कश्यप सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

सीईओ प्रतीक जैन ने बताया कि तितिरगांव शिविर में 13 ग्राम पंचायतों से कुल 6599 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 6530 आवेदनों का निराकरण कर दिया गया। समाधान शिविर में तितिरगांव, कालीपुर, बालिकोंटा, आसना, तामाकोनी, घाटपदमुर, बिरिंगपाल, कुम्हरावंड, पल्ली, परपा, पंडरीपानी और मावलीगुड़ा पंचायतों को शामिल किया गया।

शिविर के दौरान कुछ आवेदकों को मौके पर लाभ भी मिला:

  • गोमती नाग (आसना) को स्थायी सामाजिक प्रस्तुति प्रमाण पत्र

  • भक्कू राम को वन अधिकार पट्टा

  • सुरेन्द्र कुमार बघेल (तितिरगांव) की जमीन का सीमांकन

  • विनोद कुमार सरोद को श्रमिक कार्ड मुख्य अतिथि के हाथों प्रदान किया गया

शिविर में विभागीय अधिकारियों ने योजनाओं की जानकारी, लंबित आवेदनों की स्थिति और निराकरण की प्रगति साझा की। विधायक किरण देव की सक्रिय भागीदारी और नेतृत्व में यह शिविर जनसेवा की दिशा में एक सफल और सराहनीय कदम साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *