बालोद में भोर की चीखें: NH-30 पर महेंद्र ट्रेवल्स की बस खड़े ट्रक से टकराई, 1 की मौत, 8 घायल

० भीषण हादसे से दहल उठा क्षेत्र, बस के परखच्चे उड़ गए, सोए यात्री चीखते हुए उठे

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में सोमवार तड़के सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। नेशनल हाईवे-30 पर जगदलपुर से रायपुर की ओर आ रही महेंद्र ट्रेवल्स की यात्री बस एक खड़ी ट्रक से जबरदस्त टक्कर में जा भिड़ी। हादसा इतना भयानक था कि बस के परखच्चे उड़ गए और यात्रियों में कोहराम मच गया।

घटना सुबह करीब 4 बजे पुरूर थाना क्षेत्र के आरा पेट्रोल पंप के पास की बताई जा रही है। सभी यात्री उस वक्त नींद में थे, जब अचानक बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर की आवाज इतनी जोरदार थी कि आसपास का इलाका गूंज उठा। चीख-पुकार के बीच राहत कार्य शुरू हुआ।

इस दर्दनाक हादसे में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 23 वर्षीय रामप्रसाद मरकाम के रूप में हुई है। वहीं, 8 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें धमतरी जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

सूचना मिलते ही पुरूर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *