चेरो बाई को जब तक आवास न उपलब्ध करा दूं, बैठूंगा नहीं चैन से – बनवासी मौर्य

0  बेसहारा महिला की मदद के लिए भाजपा नेता का प्रण 
0 फिलहाल अपाहिज वृद्धा को मिला सुरक्षित ठिकाना 
(अर्जुन झा) बकावंड। बुजुर्ग महिला चेरो बाई की मदद के लिए बकावंड ब्लॉक के वरिष्ठ भाजपा नेता बनवासी मौर्य ने जो पहल की है उसकी सर्वत्र प्रशंसा हो रही है। प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य बनवासी मौर्य ने तो जिद ही ठान ली है कि जब तक वे चेरो बाई को एक व्यवस्थित आवास न उपलब्ध नहीं करा देते, तब तक चैन से नहीं बैठेंगे। चेरो बाई बकावंड विकासखंड की ग्राम पंचायत डिमरापाल की वो अभागन महतारी है, जिसे अपनों ने ही बेघर कर दिया है। बेबस चेरो बाई ने गांव की शासकीय उचित मूल्य की दुकान के एक हिस्से में बसेरा कर रखा था। इस समाचार पत्र ने चेरोबाई की दारुण दशा को प्रमुखता से उजागर किया था। इसके बाद से ही भाजपा नेता बनवासी मौर्य ने चेरो बाई की मदद के लिए हाथ आगे बढ़ा दिए थे। खबर प्रकाशित होते ही बनवासी मौर्य चेरो बाई से मिलने पहुंचे, उसका हालचाल जाना और उसके खाने पीने के इंतजाम किया। बस्तर संभाग में इन दिनों बेमौसम बरसात का दौर चल रहा है। ऐसे में सांप, बिच्छू और अन्य जहरीले कीड़े मकोड़े बिलों से बाहर निकलने लगे हैं। जिस राशन दुकान में चेरो बाई रह रही थी, वह जहरीले जीवों से कतई सुरक्षित नहीं था। ऐसे में चेरो बाई की जान पर कभी भी खतरा पैदा हो सकता था। इस बात को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील एवं सहृदय भाजपा नेता बनवासी मौर्य ने गांव के सामुदायिक भवन में फिलहाल चेरोबाई के रहने की वैकल्पिक व्यवस्था कर दी है और चेरो बाई को वहां शिफ्ट भी कर दिया गया है। चेरो बाई को शिफ्ट करने में स्वयं बनवासी मौर्य ने भी हाथ बंटाया।
रोज मिलने जाते हैं मौर्य
भाजपा नेता मौर्य प्रतिदिन चेरो बाई से मिलने प्रायः पहुंच रहे हैं। पुनः दूसरे दिन चेरो बाई का हालचाल जानने के लिए भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बनवासी मौर्य अपने साथियों के साथ पहुंचे थे। श्री मौर्य ने कहा कि चेरो बाई को जब तक पक्का मकान नही दिलवा दूंगा, चैन से नही बैठूंगा। चाहे मुझे अपने खर्चे से मकान बनाकर देना क्यों ना पड़े। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बनवासी मौर्य, फुलके पाण्डे, विषम ठाकुर, रैपाल निषाद, राम गामा पटेल, ग्राम पंचायत सचिव गणपत नागे, आदि मौजूद रहे। बनवासी मौर्य ने बताया कि चेरो बाई की मदद के लिए एसडीएम गगन शर्मा, हल्का पटवारी और पंचायत सचिव गणपत नागे भी जी जान से जुट गए हैं। बनवासी मौर्य का कहना है कि चेरो बाई को सिर्फ आवास ही नहीं, बल्कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभ भी मिलना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *