तीसरे चरण के मतदान ने बता दिया देश में बनने जा रही है इंडिया गठबंधन की सरकार- दीपक बैज

0 देश में बह रही है बदलाव की बयार – पीसीसी चीफ 

जगदलपुर। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पत्रकारों से चर्चा करते हुये कहा कि तीसरे चरण क़े चुनाव प्रचार का आज अंतिम दिन है। छत्तीसगढ़ की 7 सीटों के लिए 7 मई को मतदान होना है। दो चरणों में 4 लोकसभा क्षेत्रों का मतदान हो चुका है। पहले दो चरणों के मतदान में छत्तीसगढ़ की 4 सीटों के साथ पूरे देश में कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के लिए मतदाताओं का रूझान साफ दिखा है।

दीपक बैज ने कहा कि तीन चरणों के मतदान के रूझान के बाद मोदी और भाजपा घबरा गए हैं, उनके भाषणों का रूख बदल गया है। वे अपनी 10 साल की कोई भी उपलब्धि नहीं बता पा रहे हैं। चुनाव को हिन्दू, मुस्लिम, मंगलसूत्र, मछली, मटन, मीट तक ले जाने की तमाम कोशिशें मोदी और उनके साथियों ने की।
इस चुनाव में भाजपा का हिडन एजेंडा संविधान को बदलने और आरक्षण को समाप्त करने का बेनकाब हुआ है। जनता यह समझ गई है कि संविधान बदलने के लिए भाजपा 400 पार का नारा दे रही है। लोग यह भी जान गए हैं कि यह संविधान इसलिए बदलना चाह रहे हैं कि बाबा साहब ने वंचित वर्गों के लिए जो प्रावधान संविधान में किए हैं, उन्हें समाप्त किया जा सके। लेकिन भाजपा की यह बदनीयती खुलकर जनता के सामने आ गई है। इस चुनाव के प्रचार को कांग्रेस पार्टी ने सकारात्मकता के साथ लिया। हमने अपने न्याय पत्र को जनता के सामने रखा है। यही कारण है कि देशभर में जनता बदलाव के लिए मतदान कर रही है।
किसान, मजदूर, महिलाएं देश में कांग्रेस की सरकार बनाने लामबंद हैं। जनता को कांग्रेस के वादों में आशा की नई किरण दिख रही है।
कांग्रेस ने कुल 5 न्याय की गारंटी दी है। नारी न्याय, युवा न्याय, किसान न्याय, मजदूर न्याय और भागीदारी न्याय। ये पांचों न्याय घोषित होने के बाद से ही देश के हर वर्ग के मतदाताओं में कांग्रेस के प्रति नजरिया बदला है। लोगों को कांग्रेस की सरकार में अपना भविष्य दिख रहा है। कांग्रेस ने महिलाओं को हर साल 1 लाख और महीने में 8333 रू. देने का वादा किया है। इसके साथ ही केंद्रीय भर्तियों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण का भी वादा कांग्रेस ने किया है। कांग्रेस की इस घोषणा के बाद महिला मतदाताओं का ध्रुवीकरण कांग्रेस की ओर हुआ है।
महिलाएं देश में कांग्रेस नेतृत्व वाली सरकार बनाने के लिए कांग्रेस के पक्ष में मतदान का दृढ़ निश्चय किया है। मजदूरों को लगता है केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनने पर उनके जीवन स्तर में सुधार होगा। कांग्रेस ने मनरेगा मजदूरों की मजदूरी 200 से बढ़ाकर 400 करने का वादा किया है इससे देश के मजदूरों के जीवन स्तर में बदलाव आएगा। दीपक बैज ने कहा कि किसान भी मोदी सरकार के खिलाफ मतदान करने को लामबंद हैं। किसानों को लगता है कि मोदी सरकार के रहते उनके हालात में सुधार नहीं होगा। कांग्रेस किसानों को उनकी उपज की पूरी कीमत देने को भी प्रतिबद्ध है। कांग्रेस ने किसानों से वादा किया है कि न्यूनतम समर्थन मूल्य को कानूनी गारंटी देगी, इसके लिए संसद में कानून बनाया जाएगा। स्वामीनाथन कमेटी की सिफारिशों के अनुसार समर्थन मूल्य निर्धारण करेगी। कांग्रेस ने कृषि उत्पादों को, कृषि उपकरणों को जीएसटी के दायरे से बाहर लाने का वादा किया है।
श्री बैज ने कहा है कि कांग्रेस के भागीदारी न्याय के वादे से वंचित वर्गो का भरोसा कांग्रेस के प्रति बढ़ा है, लोग कांग्रेस की सरकार बनाने क़े लिए मतदान करने वाले है।
जनता मोदी – साय के विरोध में
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि केंद्र की मोदी सरकार के साथ ही 5 माह की साय सरकार के खिलाफ भी जनता मतदान करेगी। 14 दिसंबर को पहली कैबिनेट में 18 लाख मकान स्वीकृति किया, लेकिन केंद्र ने इनके एक मकान के प्रस्ताव को नहीं माना, इनके 18 लाख मकान सिर्फ होर्डिंग और कागजों में बने हैं। जनता इस वादाखिलाफी का बदला चुनाव में भाजपा के खिलाफ मतदान करके लेगी।
2 साल के बकाया बोनस में भी किसानों को धोखा दिया 17- 18 के बोनस को देने का वादा कर 15-16 का बोनस दिया ताकि कम लोगों को फायदा हो। जनता इसके खिलाफ मतदान करेगी। 500 में सिलेंडर देने का वादा पूरा नहीं किया, बेरोजगारी भत्ता देना बंद कर दिया। गोबर खरीदी बंद कर दी, गोठान योजना बंद कर दी । राज्य में गौमाता की स्थिति खराब हो गई। गौ तस्करी शुरू हो गई। राजधानी में गोवंश से भरे टैक्ट्रर पकड़ाए। महतारी वंदन में पहली किस्त सभी माताओं को नहीं मिली और दूसरी किस्त भी 40 प्रतिशत महिलाओं को ही मिल पाई है। तीसरी किस्त तो अभी 10 प्रतिशत के खाते में नहीं आई है। लोकसभा चुनाव में यह हाल है तो चुनाव के बाद यह इसको भी बंद कर देंगे।
आदिवासियों के खिलाफ साजिश,
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि जल, जंगल, जमीन से आदिवासियों के अधिकारों को कमजोर करने की साजिशें शुरू हो गई हैं।
किसानों के कर्जामाफ करने का भाषण अब भूल गए हैं। छत्तीसगढ़ अपराधगढ़ बन गया। 5 माह में सरकार हांफती दिख रही है। 5 माह में ही कोई सरकार इतनी आलोकतांत्रिक हो सकती है इसका उदाहरण छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार है। जनता इन सबके खिलाफ मतदान करेगी। दीपक बैज ने जनता से अपील की है कि बढ़-चढ़ कर मतदान करें, अपना ख्याल रखे, गर्मी से बचाव कर ठंडा पानी शीतल पेय पीकर, सर पर गमछा डालकर, टोपी पहनकर मतदान करने जाएं। भावना में बहकर मतदान नहीं करें। देश की आने वाली पीढ़ी के भविष्य को देखकर सोच समझ कर मतदान करें। कांग्रेस पार्टी वादा करती है हम एक स्वच्छ जनोन्मुखी सरकार बनाएंगे। अमीर -गरीब, छोटा-बड़ा सभी के विकास के लिए समान अवसर कांग्रेस की सरकार प्रदान करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *