मोदी की सभा में आ रहे 2 कार्यकर्ता और बस चालक सड़क हादसे का शिकार…

0 5-5 लाख भाजपा देगी मुआवजा और चार- चार लाख देगी राज्य सरकार

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रायपुर में आयोजित आमसभा में शामिल होने के लिए सूरजपुर जिले से निकली बस बिलासपुर के रतनपुर में दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से दो भाजपा कार्यकर्ताओं और बस ड्राइवर की मृत्यु हो गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभा के आरंभ में इनकी मृत्यु पर दुख व्यक्त करते हुए कहा की हमारे नेता इनके परिजनों के बीच जाएंगे। विश्रामपुर के मंडल के भाजपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री मोदी की रैली में शामिल होने के लिए रायपुर जा रहे थे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख का मुआवजा देने की घोषणा की है भारतीय जनता पार्टी भी पांच पांच लाख की आर्थिक सहायता देगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट किया है कि माननीय प्रधानमंत्री जी की सभा में शामिल होने आ रही बस की दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की सहायता राशि की घोषणा करता हूं। प्रशासन को घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। हम सब उनके परिवार के साथ इस कठिन समय में खड़े हैं मिली जानकारी के अनुसार भाजपा कार्यकर्ता से भरी बस बिलासपुर जिले में अंबिकापुर नेशनल हाईवे पर सड़क किनारे खड़े हाईवा वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि बस में 40 कार्यकर्ता सवार थे। यह हादसा सुबह लगभग 4:30 बजे हुआ। दुर्घटना में ग्राम जमदई निवासी सज्जन सुखदेव सिंह रुकदेव तथा बस ड्राइवर अकरम रजा की मौके पर मौत हो गई। लटोरी भाजपा मंडल अध्यक्ष लीलू गुप्ता मंडल महामंत्री सूरजपुर विशंभर यादव गंभीर रूप से घायल हैं। अपोलो अस्पताल बिलासपुर में इनका इलाज चल रहा है जबकि अमृतराम और रोशन देवांगन को सामान्य चोट आई है। उनका इलाज सिम्स अस्पताल में जारी है। कबूतरी भाई और अशोक कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद रवाना कर दिया गया। दुर्घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने तीनों मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।घायलों के अनुसार उस वक्त बहुत तेज बारिश हो रही थी। इस बीच ड्राइवर को झपकी आ जाने की वजह से यह हादसा हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *