साइबर ठगी से बचाव के लिए पुलिस ने व्यापारियों को किया जागरूक, भानपुरी में चला विशेष अभियान

भानपुरी। बढ़ते साइबर अपराधों के बीच छत्तीसगढ़ पुलिस के साइबर जागृति अभियान के तहत भानपुरी क्षेत्र में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस टीम ने ग्राम सोनारपाल और भानपुरी के व्यापारियों से संवाद कर ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों और उनसे बचने के उपायों की जानकारी दी।

भानपुरी एसडीओपी प्रवीण भारती और थाना प्रभारी हर्ष कुमार धुरंधर ने व्यापारियों को फर्जी फोन कॉल, संदिग्ध लिंक, ऑनलाइन भुगतान और बैंकिंग फ्रॉड को लेकर सावधानी बरतने की समझाइश दी। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि साइबर ठग अक्सर बैंक अधिकारी, कंपनी प्रतिनिधि या अन्य परिचित संस्थाओं का कर्मचारी बनकर लोगों से गोपनीय जानकारी हासिल करते हैं।

अधिकारियों ने व्यापारियों को स्पष्ट रूप से समझाया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, ATM कार्ड की जानकारी, बैंक खाते का विवरण, पासवर्ड या अन्य निजी जानकारी साझा न करें। इसके अलावा अनजान नंबर से भेजे गए लिंक पर क्लिक करने और संदिग्ध ऑनलाइन लेनदेन से बचने की सलाह दी गई।

पुलिस ने कहा कि साइबर ठगी होने की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना देना जरूरी है, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। व्यापारियों से अपने कर्मचारियों और ग्राहकों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।

पुलिस के मुताबिक, अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को साइबर ठगी के प्रति सतर्क करना, डिजिटल लेनदेन को सुरक्षित बनाना और अपराधों की रोकथाम के लिए आमजन की भागीदारी बढ़ाना है।