बांध का लीकेज ठीक करने उतरे बुजुर्ग की डूबने से मौत…

बलरामपुर। जिले के त्रिकुंडा थाना क्षेत्र के नावाडीह गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। त्रिकुंडा जलाशय बांध में लीकेज सुधारने के काम के दौरान पानी में उतारे गए एक बुजुर्ग की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के बुजुर्ग को बांध में उतारने का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार, त्रिकुंडा जलाशय के बांध में लीकेज की समस्या सामने आई थी। इसे ठीक करने के लिए बुजुर्ग को पानी में उतारा गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चले गए और डूब गए। हादसे के बाद उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

तबीयत खराब होने के बावजूद काम पर ले जाने का आरोप

परिजनों का आरोप है कि मृतक की तबीयत पहले से ठीक नहीं थी। इसके बावजूद उन्हें बांध में लीकेज सुधारने के काम के लिए ले जाया गया। परिजनों के मुताबिक, पानी में उतारते समय सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम भी नहीं किए गए थे।

हादसे की जानकारी मिलते ही सिंचाई विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटना के बाद अधिकारी थाने पहुंचे और मामले में आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई।

जांच के बाद सामने आएगी हादसे की असली वजह

घटना को लेकर मृतक के परिजनों में नाराजगी है। उन्होंने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि काम के दौरान उचित सुरक्षा व्यवस्था होती तो हादसे को टाला जा सकता था। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।