रायपुर। राजधानी के उरला थाना क्षेत्र में सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार महिला की मौत हो गई। मेटल पार्क इलाके में तेज रफ्तार ट्रक ने महिला की स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद महिला ट्रक के पहियों के नीचे आ गई और मौके पर ही उसकी जान चली गई। हादसे के बाद पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर वाहन जब्त कर लिया है।
मृतका की पहचान राजेश्वरी वर्मा (42), पति कमलेश वर्मा, निवासी वार्ड क्रमांक 12, आजाद नगर गणेश चौक, रावांभाठा के रूप में हुई है।
काम पर जा रही थी महिला
जानकारी के मुताबिक, राजेश्वरी वर्मा बुधवार सुबह करीब 8 बजे अपने घर से स्कूटी पर रावांभाठा स्थित रॉयल कंपनी में काम करने के लिए निकली थीं। वह मेटल पार्क की ओर जा रही थीं। इसी दौरान ट्रक क्रमांक CG 04 JC 4822 ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि महिला ट्रक के पहियों के नीचे आ गई। गंभीर रूप से कुचलने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़
घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलते ही उरला थाना पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और हादसे की जानकारी जुटाई।
पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है और दुर्घटना में शामिल ट्रक को भी जब्त कर लिया गया है। शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए मेकाहारा अस्पताल भेजा गया। उरला पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना के समय ट्रक की रफ्तार कितनी थी और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।