रायपुर। प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को संभालने में पूरी तरह विफल साबित हो चुके हैं। भाजपा सरकार में शिक्षा विभाग की हालत ऐसी हो गई है कि स्कूलों में पढ़ाई कम और हड़ताल-प्रदर्शन ज्यादा हो रहे हैं। कभी शिक्षक अपनी नौकरी और अधिकार बचाने सड़क पर उतर रहे हैं, तो कभी छात्र अपनी बुनियादी सुविधाओं के लिए बस्ता छोड़कर आंदोलन करने मजबूर हैं।
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि शिक्षकों पर टीटी की अनिवार्यता के नाम पर नौकरी पर संकट मंडरा रहा है, इसलिए वे छुट्टी लेकर आंदोलन करने मजबूर हैं। दूसरी ओर छात्र नई स्कूल बिल्डिंग, जर्जर भवनों की मरम्मत, पर्याप्त पुस्तकें, शिक्षकों की नियुक्ति, गुणवत्तापूर्ण मध्याह्न भोजन, शौचालय, पेयजल और स्कूल तक पहुंच मार्ग जैसी बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि जिस शिक्षा विभाग को बच्चों का भविष्य बनाना था, भाजपा सरकार ने उसे समस्याओं और आंदोलनों का विभाग बना दिया है। शिक्षा मंत्री के पास शिक्षकों और छात्रों की समस्याएं सुनने तथा उनका समाधान करने के लिए समय नहीं है। सरकार के मंत्री कागजों में व्यवस्था दुरुस्त होने का दावा करते हैं, लेकिन जमीन पर स्कूलों की बदहाली और छात्रों-शिक्षकों के आंदोलन उन दावों की पोल खोल रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार की लापरवाही का सबसे बड़ा खामियाजा गरीब और वंचित वर्ग के बच्चों को भुगतना पड़ रहा है। सरकारी स्कूलों में सुविधाएं नहीं होंगी, शिक्षक नहीं होंगे, किताबें नहीं होंगी और भवन जर्जर होंगे तो गरीब अभिभावक अपने बच्चों को निजी स्कूलों में भेजने को मजबूर होंगे। यही कारण है कि इस वर्ष स्कूल ड्रॉपआउट बढ़ने का गंभीर खतरा दिखाई दे रहा है।
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि छत्तीसगढ़ की शिक्षा गुणवत्ता को लेकर सामने आई राष्ट्रीय सर्वे रिपोर्ट बेहद चिंताजनक है। सरकार को झूठे दावों और प्रचार से बाहर निकलकर रिपोर्ट का गंभीरता से आकलन करना चाहिए और धरातल पर शिक्षा व्यवस्था सुधारने की कार्ययोजना बनानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री को अगर शिक्षक, छात्र और स्कूलों की समस्याएं दिखाई नहीं दे रही हैं, तो यह उनकी संवेदनहीनता है; और अगर दिखाई दे रही हैं लेकिन समाधान नहीं कर पा रहे हैं, तो यह उनकी विफलता है। दोनों ही परिस्थितियों में जिम्मेदारी शिक्षा मंत्री की है।
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार ने छत्तीसगढ़ के बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करना बंद करे। स्कूलों को आंदोलन का केंद्र नहीं, शिक्षा और ज्ञान का केंद्र बनाए। शिक्षकों की समस्याओं का तत्काल समाधान हो, रिक्त पदों पर भर्ती की जाए, स्कूलों की जर्जर इमारतों की मरम्मत हो, पुस्तक और मूलभूत सुविधाओं की कमी दूर की जाए तथा राष्ट्रीय सर्वे में सामने आई कमियों को तत्काल दूर करने ठोस कदम उठाए जाएं।
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि जब शिक्षा मंत्री से शिक्षा विभाग संभल नहीं रहा है, शिक्षक और छात्र लगातार सड़क पर हैं और सरकारी स्कूलों की हालत बदहाल है, तो शिक्षा मंत्री को पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं है। उन्हें तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए।