शहर में फैली बीमारियों को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन…

0  पीक अवर में भाजपाई जनप्रतिनिधियों का गायब रहना दुर्भाग्यपूर्ण : मौर्य
जगदलपुर। बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य के नेतृत्व व नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी की उपस्थिति में आज जगदलपुर नगर निगम की भाजपा सरकार की कथित संवेदनहीनता व महापौर की निष्क्रिय व सुस्त रवैये के कारण दवाईयों का छिड़काव न होने व दूषित पानी के चलते बढ़ती मलेरिया एवं पीलिया बीमारी के विरोध में नगर निगम के समक्ष कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन व चक्काजाम किया। मलेरिया-पीलिया की रोकथाम के लिए फॉगिंग, दवाई छिड़काव और स्वच्छ पेयजल की मांग को लेकर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा गया।
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि जब शहर की जनता बीमारियों से जूझ रही है, तब महापौर का दिल्ली और उत्तरप्रदेश की यात्रा पर जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। जनता को जवाब चाहिए कि स्वास्थ्य संकट के समय जिम्मेदार सांसद, विधायक सहित तमाम जनप्रतिनिधि कहां हैं? जनप्रतिनिधियों की पहली प्राथमिकता जनता की समस्याओं और उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा होनी चाहिए। जब शहर में मलेरिया, पीलिया और जलजनित बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा हो, ऐसे समय में नगर निगम प्रशासन को युद्धस्तर पर स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करनी चाहिए। किंतु दुर्भाग्य है कि महापौर संजय पांडे व शहर के सांसद विधायक व तमाम नेता नदारद हैं।नगर निगम प्रशासन की सुस्ती और संवेदनहीनता के कारण आज घर-घर में मरीज पड़े हुए हैं।

सुशील मौर्य ने आगे कहा कांग्रेस की स्पष्ट मांग है कि शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में तत्काल व्यापक स्तर पर फॉगिंग कराई जाए।मलेरिया एवं अन्य मच्छरजनित बीमारियों से प्रभावित क्षेत्रों में दवाईयों का नियमित छिड़काव कराया जाए। दूषित पेयजल की शिकायतों का तत्काल निराकरण किया जाए। स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बीमारी प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग एवं नगर निगम की संयुक्त टीम भेजकर निगरानी बढ़ाई जाए। नालियों, जलभराव वाले क्षेत्रों एवं गंदगी वाले स्थानों की तत्काल सफाई कराई जाए। इन उक्त मांगों को लेकर कांग्रेस की सख्त चेतावनी है कि जनता के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि नगर निगम प्रशासन द्वारा तत्काल प्रभाव से फॉगिंग, दवाईयों के छिड़काव, स्वच्छ पेयजल एवं सफाई की ठोस व्यवस्था नहीं की गई तो कांग्रेस जनहित के मुद्दे पर अपना आंदोलन और तेज करेगी।

नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने कहा,जब-जब शहर पर विपत्ति आती है, भाजपा के तमाम नेता जनता के बीच रहने के बजाय शहर से बाहर चले जाते हैं। नगर निगम को तत्काल दवाईयों का छिड़काव, फॉगिंग और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।नगर निगम प्रशासन की लापरवाही के कारण कई क्षेत्रों में बीमारी फैलने का खतरा बढ़ रहा है। उन्होंने मांग की कि संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर तत्काल फॉगिंग एवं दवाईयों का छिड़काव कराया जाए।