सांसद बृजमोहन अग्रवाल के सवाल ने पीएम आवास पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के हवा हवाई दावों की पोल खोल दी – धनंजय सिंह

0 18 लाख नए पीएम आवास देने का दावा झूठा, सदन के आंकड़ों ने भाजपा के प्रचार की खोली पोल

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने सदन में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर सवाल पूछा, जिसके जवाब ने उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के 18 लाख नए पीएम आवास देने के हवाहवाई दावों की पोल खोल दी है। सदन में केंद्र सरकार द्वारा दिए गए आंकड़ों ने साफ कर दिया है कि भाजपा सरकार पीएम आवास के नाम पर गरीबों को भ्रमित कर रही है और पुराने स्वीकृत एवं निर्माणाधीन आवासों को अपने कार्यकाल की उपलब्धि बताकर झूठा श्रेय लेने में लगी है।

प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पीएम आवास के विषय में भ्रामक और मनगढ़ंत जानकारी देकर उन गरीब परिवारों के साथ भद्दा मजाक किया है, जो वर्षों से अपने पक्के मकान का इंतजार कर रहे हैं। केंद्र सरकार के सदन में दिए गए जवाब से स्पष्ट है कि बीते वर्षों में पूर्ण हुए बड़ी संख्या में आवास पहले ही स्वीकृत हो चुके थे और उनका निर्माण कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शुरू हुआ था।

प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि वर्ष 2020 में 59,684, वर्ष 2021 में 23,291, वर्ष 2022 में 33,575 और वर्ष 2023 में 2,32,309 पीएम आवास पूर्ण हुए। इसके बाद निर्माणाधीन पुराने स्वीकृत आवासों में से वर्ष 2024 में लगभग 1.22 लाख आवास पूर्ण हुए। यानी भाजपा सरकार आज जिन आवासों को अपनी उपलब्धि बताकर प्रचार कर रही है, उनमें बड़ी संख्या उन आवासों की है जिन्हें कांग्रेस सरकार के समय स्वीकृति मिली, राशि जारी हुई और निर्माण शुरू हुआ था।

प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि 18 लाख नए आवास का हिसाब दे भाजपा विधानसभा चुनाव के दौरान लगातार आरोप लगाती रही कि कांग्रेस सरकार ने गरीबों को प्रधानमंत्री आवास नहीं दिए। अब सांसद बृजमोहन अग्रवाल के सवाल के जवाब ने भाजपा के उस झूठ का पर्दाफाश कर दिया है। यदि भाजपा के आरोप सही थे तो कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हजारों-लाखों आवास कैसे स्वीकृत हुए, उनकी किस्तें कैसे जारी हुईं और उनका निर्माण कैसे हुआ?

प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार ने सत्ता में आने के बाद 18 लाख नए पीएम आवास देने का दावा किया था। अब भाजपा सरकार स्पष्ट करे कि इन 18 लाख में से वास्तव में कितने नए आवासों की स्वीकृति भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुई, कितनों का निर्माण भाजपा सरकार के कार्यकाल में शून्य से शुरू हुआ और कितने आवास ऐसे हैं जिनकी स्वीकृति और निर्माण कांग्रेस सरकार के समय ही हो चुका था?

प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि पुराने आवासों को नया बताकर फोटो खिंचवाना उपलब्धि नहीं है। गरीब को यह जानने का अधिकार है कि उसके नाम पर वास्तव में नया आवास कब स्वीकृत हुआ, पहली किस्त कब मिली और मकान कब बनकर तैयार होगा।

प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार के आंकड़ों में बीते पांच वर्षों में 9 लाख से अधिक पीएम आवास ग्रामीण पूर्ण होने की जानकारी सामने आई है। इनमें बड़ी संख्या उन आवासों की है जिनकी स्वीकृति, राशि जारी होने और निर्माण की प्रक्रिया कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शुरू हो चुकी थी। भाजपा सरकार अब उन्हीं आवासों का श्रेय लेकर जनता को गुमराह कर रही है।

भाजपा सरकार गरीबों से माफी मांगे

प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा ने चुनाव के दौरान कांग्रेस सरकार पर पीएम आवास रोकने का झूठा आरोप लगाकर गरीबों को गुमराह किया था। अब सदन में भाजपा सांसद द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब ने ही भाजपा के दावों की सच्चाई जनता के सामने ला दी है। इसलिए भाजपा नेताओं को अपने झूठे आरोपों के लिए प्रदेश की जनता और उन गरीब परिवारों से माफी मांगनी चाहिए, जिन्हें पीएम आवास के नाम पर गुमराह किया गया।

प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने भाजपा सरकार से सीधा सवाल करते हुए पूछा 18 लाख नए पीएम आवास का दावा किया था, अब बताइए कितने नए आवास स्वीकृत हुए? कितने नए आवासों का निर्माण भाजपा सरकार ने शुरू कराया?कितने गरीबों को वास्तव में नया आवास मिला? और बाकी गरीबों को उनका पक्का मकान कब मिलेगा?

प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार आंकड़ों की बाजीगरी बंद करे, पुराने कांग्रेस सरकार के स्वीकृत आवासों का श्रेय लेना बंद करे और गरीबों को बताए कि 18 लाख नए पीएम आवास का वादा जमीन पर कब पूरा होगा। यही भाजपा सरकार के सुशासन और पारदर्शिता की असली परीक्षा है।