जगदलपुर। नगरनार पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 24.545 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 12 लाख 27 हजार 250 रुपए बताई गई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा सीमा से लगे धनपूंजी क्षेत्र में दो व्यक्ति अवैध रूप से गांजा लेकर परिवहन के लिए बस का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विकेश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई।
पुलिस टीम ने फॉरेस्ट नाका धनपूंजी के पास घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में उनकी पहचान चुमन बघेल, निवासी ग्राम तुरपुरा पोड़ाईगुड़ा, थाना भानपुरी और बेनूधर कश्यप के रूप में हुई।
दोनों के बैग की तलाशी लेने पर कुल 24.545 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने गांजा जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विकेश तिवारी समेत सउनि जदुराम बघेल, प्रआर, अजय साहु, भीमेसन बघेल, आरक्षक दशरू नाग सुकमन पाण्डे, डीएसएफ आरक्षक, भास्कर भारद्वाज सैनिक जगन्नाथ नाग का विशेष योगदान रहा।