
० विरासत भी, विकास भी की सोच से संवारा बाबाघाट, डिप्टी सीएम अरुण साव ने सौंदर्यीकरण कार्यों का किया लोकार्पण
लोरमी। लोरमी के श्री बाबाघाट धाम में आज पावन श्रावण मास के अंतिम सोमवार को आस्था और विकास का सुंदर संगम देखने को मिला। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने लोरमी के परिवारजनों के साथ परम पूज्य श्री श्री 108 शिवानंद महाराज के पावन सानिध्य में भगवान भोलेनाथ का विधिवत रुद्राभिषेक किया। इस अवसर पर उन्होंने महादेव से सभी के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

रुद्राभिषेक के बाद श्री साव ने मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण एवं उन्नयन कार्यों का लोकार्पण किया। वहीं भंडारे में श्रद्धालुओं को प्रसाद का वितरण किया। उन्होंने कहा कि ‘विरासत भी, विकास भी’ की सोच के साथ लोरमी की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का कार्य किया जा रहा है। सौंदर्यीकरण के बाद बाबाघाट का स्वरूप भव्य और आकर्षक हुआ है। श्रद्धालुओं को यहां स्वच्छ, शांत और भक्तिमय वातावरण मिलेगा।
श्री साव ने कहा कि श्री बाबाघाट धाम लोरमी का प्राचीन धार्मिक स्थल है। वर्षों से यहां साधु-संत पूजन, हवन एवं विश्राम करते रहे हैं। समय के साथ यह स्थल जीर्ण-शीर्ण हो गया था। अब इसके सौंदर्यीकरण और उन्नयन से नया स्वरूप मिला है।उन्होंने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काशी कॉरिडोर, उज्जैन में महाकाल लोक कॉरिडोर का निर्माण किया। अयोध्या धाम में प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर बनाया गया। छत्तीसगढ़ में भी भोरमदेव कॉरिडोर एवं मां बम्लेश्वरी मंदिर में प्रसाद योजना के तहत कार्य होगा। वहीं रतनपुर धाम के विकास की दिशा में कार्य हो रहे हैं। इसी तरह लोरमी का बाबाघाट भी भव्य स्वरूप में विकसित किया गया है।
श्री साव ने परिवारजनों से कहा कि, बाबाघाट के स्वरूप को सुंदर बनाए रखते हुए नियमित धार्मिक आयोजन करें। वहीं इसे क्षेत्र के प्रमुख अध्यात्म केंद्र के रूप में विकसित करने का संकल्प पूरा किया है। श्री साव ने बाबाघाट के सौंदर्यीकरण एवं उन्नयन के लिए लोरमी वासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि, परम पूज्य श्री श्री 108 शिवानंद महाराज का आशीर्वाद हम सभी के साथ है।