० उड़ीसा में जारी भारी बरसात का असर
जगदलपुर। बस्तर जिले के बकावंड विकासखंड में हुई भारी बारिश के चलते इंद्रावती नदी अब रौद्र रूप दिखाने लगी है। भीषण बाढ़ के कारण कई रास्ते ब्लॉक हो गए हैं। जगदलपुर के पास का पुराना पुल जलमग्न हो गया है। वहीं बेलगांव से नगरनार और जगदलपुर को जोड़ने वाली सड़क भी पूरी तरह डूब चुकी है। इस रास्ते पर आवागमन बंद हो गया है।
बकावंड ब्लॉक की ग्राम पंचायत बनियागांव के आश्रित ग्राम बेलगांव में भारी बारिश के बाद इंद्रावती नदी में अचानक बाढ़ आ गई है। बाढ़ से बेलगांव को नगरनार स्टील प्लांट से जोड़ने वाले मुख्य मार्ग का रपटा पानी में पूरी तरह डूब गया है। रपटे पर 4 से 5 फीट तक पानी बह रहा है, जिसके कारण मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पुल के बाढ़ग्रस्त हो जाने से नगरनार स्टील प्लांट में काम करने वाले कर्मचारियों और ग्रामीणों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है। तस्वीरों में देखा जा सकता है कि ग्रामीण अपनी बाइक और साइकिल कंधे पर उठाकर जान जोखिम में डालकर नदी पार करने को मजबूर हैं, जबकि कई लोग पुल के दोनों तरफ फंसे हुए हैं।
दो दिनों से लगातार हो रही बारिश का असर अब दिखने लगा है।इंद्रावती नदी में रात करीब आठ बजे के बाद से पानी बढ़ना शुरू हुआ,जिससे आसपास के क्षेत्र जलमग्न हो गए। ग्राम बेलगांव से गुजर वाले मुख्य मार्ग जोकर नगरनार स्टील प्लांट की ओर जाने वाले मार्ग का पुल भी लबालब भर गया है। विदित हो कि उड़ीसा में भी अब अच्छी बारिश हो रही है जिससे इंद्रावती नदी में पानी अब तेजी से बढ़ता जा रहा है। अब तक किसी प्रकार के जानमाल के हानि की खबर सामने नहीं आई है। जगदलपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर जगदलपुर के नजदीक इंद्रावती नदी पर बना पुराना पुल पूरी तरह डूब चुका है। इस पुल पर से आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है, जबकि नए हाई लेवल ब्रिज से आवागमन सुचारु रूप से जारी है।
गरज रहा चित्रकोट वाटरफॉल
इंद्रावती की बाढ़ ने बस्तर के विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल चित्रकोट में फिर से बहार ला दी है। यह जल प्रपात गरजने लगा है। पचासों फीट ऊपर से यहां गिरते पानी की गर्जना दूर दूर तक सुनाई दे रही है। वाटर फॉल से उठती पानी की फुहारें मनोहारी दृश्य पैदा कर रही हैं। यहां पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। बस्तर संभाग और छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ ही दूसरे राज्यों और विदेशों के सैलानी भी बड़ी संख्या में चित्रकोट जल प्रपात का दीदार करने पहुंच रहे हैं। लोग वाटर फॉल के विहंगम दृश्य को कैमरों में कैद करते दिख रहे हैं।