नितिन नबीन की नई टीम का ऐलान, छत्तीसगढ़ से रूपकुमारी चौधरी और दीपक महस्के को बड़ी जिम्मेदारी

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया है। नई टीम में छत्तीसगढ़ को भी महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व मिला है। महासमुंद लोकसभा सांसद रूपकुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि दीपक महस्के को सोशल मीडिया का राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त किया गया है।

दोनों नियुक्तियों को छत्तीसगढ़ भाजपा के लिए अहम माना जा रहा है। रूपकुमारी चौधरी जहां संगठन और जमीनी राजनीति में लंबे समय से सक्रिय रही हैं, वहीं दीपक महस्के को पार्टी के आईटी, सोशल मीडिया और डिजिटल रणनीति में अनुभव के लिए जाना जाता है।

रूपकुमारी चौधरी का बढ़ा कद

महासमुंद लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद रूपकुमारी चौधरी अघरिया समाज से आती हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत वर्ष 2005 में सरायपाली विधानसभा क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य के रूप में की थी। इसके बाद वे संगठन में लगातार सक्रिय रहीं और बसना विधानसभा क्षेत्र से विधायक भी चुनी गईं।

5 जुलाई 1976 को महासमुंद जिले के बसना विकासखंड के धनापाली गांव में जन्मीं रूपकुमारी चौधरी ने दसवीं तक शिक्षा प्राप्त की है। उनका विवाह 1 अप्रैल 1993 को सरायपाली ब्लॉक के हर्राटार निवासी ओमप्रकाश चौधरी से हुआ। उनके परिवार में एक पुत्र और दो पुत्रियां हैं।

राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहने के बाद उन्होंने लोकसभा चुनाव में महासमुंद सीट से जीत हासिल की। अब महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने से राष्ट्रीय स्तर पर उनका राजनीतिक कद और बढ़ गया है।

दीपक महस्के को सोशल मीडिया की कमान

नितिन नबीन की नई टीम में छत्तीसगढ़ से दूसरा नाम दीपक महस्के का है। उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक बनाया गया है। महस्के वर्तमान में छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष हैं।

भाजपा संगठन में महस्के की पहचान खास तौर पर आईटी और डिजिटल रणनीति से जुड़ी रही है। वर्ष 2014 में उन्होंने छत्तीसगढ़ भाजपा आईटी सेल के प्रदेश संयोजक के रूप में काम किया। उस दौरान चुनावी अभियानों में सोशल मीडिया और तकनीक के इस्तेमाल को लेकर उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वर्ष 2018 में भी उन्होंने आईटी सेल के प्रदेश संयोजक के तौर पर सोशल मीडिया नेटवर्क को मजबूत करने और पार्टी कार्यकर्ताओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने की दिशा में काम किया। सोशल मीडिया वॉलंटियर्स के प्रशिक्षण और क्षेत्रवार डिजिटल नेटवर्क तैयार करने में भी उनकी भूमिका रही।

इसके अलावा प्रदेश प्रवक्ता के तौर पर महस्के ने विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर भाजपा का पक्ष मजबूती से रखा। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान भी वे कई मुद्दों को लेकर पार्टी की ओर से मुखर रहे।

छत्तीसगढ़ भाजपा को राष्ट्रीय संगठन में अहम जगह

भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में छत्तीसगढ़ के दो नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने से प्रदेश संगठन में उत्साह का माहौल है। एक ओर रूपकुमारी चौधरी को महिला मोर्चे की राष्ट्रीय कमान मिली है, वहीं दूसरी ओर डिजिटल और सोशल मीडिया की जिम्मेदारी दीपक महस्के को दी गई है।