ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भानपुरी की बैठक संपन्न, बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर जनांदोलन की रणनीति

जगदलपुर/भानपुरी। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भानपुरी की मासिक बैठक ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष धनुर्जय नेताम की अध्यक्षता एवं पूर्व विधायक चंदन कश्यप की उपस्थिति में संपन्न हुई। बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों और आम जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने तथा कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया। साथ ही आगामी दिनों में आयोजित होने वाले पार्टी के कार्यक्रमों की रूपरेखा और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर भी चर्चा की गई।

बैठक का प्रमुख मुद्दा बिजली बिलों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर रहा। कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर बिजली उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ाने का आरोप लगाते हुए इसके विरोध में ग्राम स्तर तक जाकर जनजागरूकता अभियान चलाने की रणनीति बनाई। कार्यकर्ताओं को घर-घर पहुंचकर फार्म भरवाने और आम लोगों की समस्याओं को दर्ज करने की जिम्मेदारी देने पर भी चर्चा हुई।

कांग्रेस ने 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को पुनः बहाल करने की मांग को लेकर आगामी दिनों में व्यापक जनांदोलन चलाने का निर्णय लिया। बैठक में कहा गया कि बिजली की बढ़ती दरों और स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं में असंतोष है। कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।

पूर्व विधायक चंदन कश्यप ने कहा कि कांग्रेस संगठन कार्यकर्ताओं की मेहनत और सक्रिय भागीदारी से मजबूत होता है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने तथा जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष धनुर्जय नेताम ने कहा कि कांग्रेस हमेशा आम जनता के हितों और अधिकारों की आवाज उठाती रही है। वर्तमान परिस्थितियों में संगठन को और मजबूत करते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता को जनता के बीच सक्रिय रहना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों में जुटने और संगठन के प्रत्येक स्तर पर जिम्मेदारी निभाने की अपील की।

बैठक में जिला उपाध्यक्ष जीतेन्द्र जैन, ग्रामीण जिला उपाध्यक्ष निलय कश्यप, महामंत्री जीवन सेठिया, ब्लॉक उपाध्यक्ष अभिषेक बाजपेयी, युवा कांग्रेस महामंत्री अनिल बघेल, युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष धर्मा पाढ़ी, आदिवासी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बबलू बघेल, मनोज नायक, सत्यकांत कश्यप, फरसु बघेल, मोसु बघेल, डमरू मौर्य, वरिष्ठ कांग्रेसी महेंद्र पाढ़ी, दया बघेल, कृष्णा कश्यप, सुकदेव कश्यप, पूनऊ कश्यप, युवा कांग्रेसी यशवंत मौर्य, जेठू कोर्राम, बलराम, मयूर नायक सहित ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।