रायपुर। नकटी प्रकरण को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा गठित जांच समिति की महत्वपूर्ण बैठक आज राजीव भवन, शंकर नगर, रायपुर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में नकटी प्रकरण की अब तक की जांच, प्रभावित परिवारों की समस्याओं, प्रशासनिक कार्रवाई तथा उन्हें न्याय दिलाने के लिए आगामी आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि नकटी के प्रभावित गरीब परिवारों को जब तक न्याय नहीं मिलता, कांग्रेस उनके साथ मिलकर चरणबद्ध एवं निर्णायक आंदोलन जारी रखेगी। सरकार को हठधर्मिता छोड़कर प्रभावित परिवारों का उचित व्यवस्थापन करना होगा तथा जिन गरीबों के मकान तोड़े गए हैं, उन्हें उचित मुआवजा देना होगा।
कांग्रेस ने आगामी चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा करते हुए तय किया कि पहले चरण में धरसींवा विधायक अनुज शर्मा के बंगले का घेराव किया जाएगा। दूसरे चरण में रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल के बंगले का घेराव किया जाएगा। इसके बाद प्रभावित परिवारों के साथ मिलकर एयरपोर्ट मार्ग पर चक्काजाम किया जाएगा।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नकटी के प्रभावित परिवारों के न्याय के लिए कांग्रेस पहले ही कई स्तरों पर संघर्ष कर चुकी है। प्रभावित परिवारों के साथ कलेक्टर से मुलाकात कर मांग रखी गई, लगातार ज्ञापन सौंपे गए, जनप्रतिनिधियों के आवास एवं मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया गया तथा राज्यपाल को भी ज्ञापन एवं स्मरण पत्र सौंपे गए।
इसके अलावा कांग्रेस ने नकटी से राजभवन तक लगभग 13 किलोमीटर की पदयात्रा भी पहले ही की है। इतनी लंबी पदयात्रा कर प्रभावित परिवारों की पीड़ा राज्यपाल तक पहुंचाने के बावजूद आज तक उन्हें न्याय नहीं मिल पाया है। राज्यपाल को कई बार स्मरण पत्र दिए जाने के बाद भी शासन-प्रशासन द्वारा कोई ठोस समाधान नहीं किया गया। इसलिए अब कांग्रेस ने आंदोलन को और तेज करने का निर्णय लिया है।
महिलाओं के स्नान स्थल पर कैमरे लगाने का मामला गंभीर
बैठक में नकटी के प्रभावित परिवारों ने अपनी पीड़ा रखते हुए बताया कि महिलाओं के नहाने के तालाब के पास शासन-प्रशासन द्वारा कैमरे लगाए गए हैं और कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है।
इस पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कड़ी आपत्ति एवं निंदा व्यक्त करते हुए कहा कि माताओं-बहनों के स्नान करने के स्थान पर कैमरे लगाना बेहद गंभीर और आपत्तिजनक मामला है। महिलाओं की निजता और गरिमा का सम्मान करना शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है। ऐसी कार्रवाई सरकार की ओछी मानसिकता और संवेदनशीलता के अभाव को दर्शाती है। कांग्रेस इस मामले को भी मजबूती से उठाएगी।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वर्षों से निवासरत गरीब परिवारों के मकान तोड़कर उन्हें बेघर कर दिया गया। प्रभावित परिवार आज भी अपने पुनर्वास और मुआवजे के लिए भटक रहे हैं। सरकार को अपनी हठधर्मिता छोड़कर नकटी के प्रभावित परिवारों का उसी क्षेत्र में उचित व्यवस्थापन करना चाहिए तथा तोड़े गए मकानों का उचित मुआवजा देना चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि नकटी के गरीब प्रभावित परिवार अकेले नहीं हैं। कांग्रेस उनके साथ खड़ी है और जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। सरकार को गरीबों की पीड़ा समझनी होगी और तत्काल न्यायपूर्ण समाधान करना होगा।
बैठक में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महामंत्री संगठन मलकीत सिंह गेंदू, पूर्व मंत्री शिवकुमार डहरिया, कांग्रेस संचार विभाग के प्रदेश अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला रायपुर शहर कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष कुमार शंकर मेनन, रायपुर ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष राजेन्द्र ‘पप्पू’ बंजारे, पूर्व विधायक अनीता शर्मा, रायपुर ग्रामीण के छाया विधायक पंकज शर्मा, प्रदेश कांग्रेस महामंत्री सकलेन कामदार भावेश बघेल, आशीष वर्मा सहित जांच समिति के सदस्य एवं नकटी प्रकरण के प्रभावित परिवार उपस्थित रहे।
कांग्रेस का स्पष्ट संदेश है-नकटी के प्रभावित परिवारों को न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा। गरीबों के आशियाने उजाड़ने वाली सरकार को अब प्रभावित परिवारों की आवाज सुननी ही होगी।