मलेरिया प्रभावित क्षेत्र का सीएमएचओ डॉ. संजय बसाक ने किया निरीक्षण

०  स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश 
जगदलपुर। मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जगदलपुर डॉ. संजय बसाक एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा जिले के मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं मलेरिया नियंत्रण गतिविधियों का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान टीम नानगुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम बामनारास पहुंची, जहां ग्राम की स्वास्थ्य स्थिति का निरीक्षण किया गया तथा मलेरिया से पीड़ित परिवार से भेंट कर उनकी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली गई। संबंधित परिवार के सभी सदस्यों की मलेरिया जांच की गई। परिवार के सुकेश पिता धनसाय मलेरिया से पीड़ित पाए गए हैं, जिनका उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानगुर में चल रहा है।स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्र में कुल 8 लोग मलेरिया पॉजिटिव पाए गए हैं, जिनमें 2 मरीजों का उपचार सीएचसी नानगुर में तथा 6 मरीजों का उपचार शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय डिमरापाल में किया जा रहा है। सीएमएचओ द्वारा प्रभावित परिवार के अन्य सदस्यों को मलेरिया से बचाव एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई। इसके पश्चात टीम ने उप स्वास्थ्य केंद्र गुमलवाड़ा का निरीक्षण किया तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तिरिया में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की जानकारी ली। सीएमएचओ डॉ. संजय बसाक ने निर्देश दिए कि सभी ओपीडी मरीजों की आरडी किट के माध्यम से मलेरिया जांच सुनिश्चित की जाए। साथ ही मलेरिया रोधी दवाओं एवं आवश्यक स्वास्थ्य सामग्री का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान बालक आश्रम तिरिया में संचालित मलेरिया नियंत्रण गतिविधियों का भी जायजा लिया गया। 70 बिस्तरों वाले बालक आश्रम में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर सभी बच्चों की मलेरिया जांच की जा रही थी। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा बच्चों को मलेरिया से बचाव, स्वच्छता एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर आवश्यक स्वास्थ्य शिक्षा भी दी गई। सीएमएचओ डॉ. संजय बसाक ने कहा कि मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों में समय पर जांच, त्वरित उपचार, दवा की उपलब्धता तथा निरंतर निगरानी बेहद आवश्यक है। उन्होंने स्वास्थ्य अमले को निर्देशित किया कि क्षेत्र में मलेरिया नियंत्रण गतिविधियों को गंभीरता से लेते हुए संदिग्ध मरीजों की जांच एवं पॉजिटिव मरीजों के उपचार की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान जिला आईडीएसपी नोडल अधिकारी डॉ. वीरेंद्र ठाकुर, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. एस. टेकाम, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. रीना लक्ष्मी, ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर नानगुर डॉ. आरएस भंवर एवं पर्यवेक्षक राम नारायण सेठिया सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।