जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में दिखी तिरंगे की शान

0 अध्यक्ष दिनेश कश्यप ने किया ध्वजारोहण 
0  बैंक परिसर में किया गया वृक्षारोपण भी 

जगदलपुर। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक जगदलपुर का परिसर देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। बैंक परिसर में आयोजित गरिमामय समारोह में बैंक के अध्यक्ष दिनेश कश्यप ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। ध्वजारोहण के साथ ही उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों ने राष्ट्रगान के माध्यम से देश के प्रति अपनी निष्ठा एवं सम्मान व्यक्त किया।


इस अवसर पर अध्यक्ष दिनेश कश्यप ने सभी अधिकारी- कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाने का संकल्प भी है। बैंक के उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा ने कहा स्वतंत्रता दिवस हमें अपने वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान का स्मरण कराता है। हमें राष्ट्र की एकता और अखंडता को सदैव सर्वोपरि रखते हुए अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। सहकारिता के माध्यम से किसानों और आमजन की सेवा करते हुए जिले के विकास में निरंतर योगदान देना हमारा संकल्प है। इस अवसर पर बैंक परिसर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण भी किया गया। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का भी संकल्प लिया। साथ ही समारोह के दौरान उपस्थित सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करते हुए जनसेवा के संकल्प को दोहराया। पूरे परिसर में देशभक्ति का उत्साह और तिरंगे के प्रति सम्मान का भाव दिखाई दिया। समारोह का समापन राष्ट्रहित एवं जनहित में निरंतर कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ। इस अवसर पर बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुंवर सिंह ध्रुव, अतिरिक्त प्रबंधक एसए रज़ा, पर्यवेक्षक मनोज सिंह, संजय पाण्डे सहित बैंक के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।