“मातृ संगी” बन रही उम्मीद की नई किरण

० गर्भवती महिलाओं की सेहत सुधरने पहल 
जगदलपुर। लोहंडीगुड़ा मे गर्भवती महिलाओं में एनीमिया, आयरन एवं हीमोग्लोबिन की कमी की चुनौती से निपटने तथा सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रोटरी क्लब जगदलपुर एवं शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोहंडीगुड़ा द्वारा संयुक्त रूप से “मातृ संगी” परियोजना संचालित की जा रही है। इस पहल के अंतर्गत रविवार के दिन 219 गर्भवती महिलाओं को फोर्टिफाइड एवं पौष्टिक खाद्य सामग्री प्रदान की गई।
“मातृ संगी” रोटरी क्लब जगदलपुर की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को पर्याप्त एवं पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना और आयरन तथा हीमोग्लोबिन की कमी से लड़ने में सहयोग करना है। इसका व्यापक लक्ष्य गर्भवती मां और उसके गर्भस्थ शिशु के स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हुए सुरक्षित एवं स्वस्थ मातृत्व की दिशा में एक स्थायी बदलाव लाना है। यह परियोजना 24 जुलाई को प्रारंभ की गई थी। परियोजना की शुरुआत के बाद से ही कुछ गर्भवती महिलाओं के हीमोग्लोबिन स्तर एवं स्वास्थ्य संबंधी मानकों में प्रारंभिक सुधार के संकेत देखने को मिले हैं। इन शुरुआती सकारात्मक परिणामों ने इस पहल को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने के लिए प्रोत्साहित किया है। इस परियोजना को शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, लोहंडीगुड़ा एवं स्वास्थ्य विभाग का उत्साह भरा महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हो रहा है। रोटरी क्लब जगदलपुर और सीएचसी लोहंडीगुड़ा का यह संयुक्त प्रयास यह सुनिश्चित करने की दिशा में है कि पोषण सहयोग के साथ-साथ गर्भवती महिलाएं नियमित स्वास्थ्य सेवाओं और आवश्यक चिकित्सकीय देखभाल से भी जुड़ी रहें।रोटरी क्लब जगदलपुर का उद्देश्य केवल खाद्य सामग्री का वितरण करना नहीं है, बल्कि नियमित पोषण सहयोग, स्वास्थ्य जागरूकता और निरंतर निगरानी के माध्यम से गर्भवती महिलाओं में एनीमिया एवं पोषण की कमी के खिलाफ एक सतत अभियान चलाना है। इस पहल के माध्यम से रोटरी क्लब और सीएचसी लोहंडीगुड़ा एक ऐसा वातावरण बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जहां हर गर्भवती मां को बेहतर पोषण, बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित मातृत्व का अवसर मिल सके। इसका प्रभाव केवल वर्तमान पीढ़ी तक सीमित न रहकर आने वाली पीढ़ी के स्वास्थ्य पर भी पड़ेगा।कार्यक्रम में रोटरी क्लब जगदलपुर के अध्यक्ष रोटेरियन डॉ. मनोज जॉर्ज थॉमस एवं क्लब सचिव रोटेरियन अंकित गोयल उपस्थित रहे। “मातृ संगी” का संकल्प है-स्वस्थ मां, स्वस्थ शिशु और स्वस्थ भविष्य।