रायपुर। राजधानी में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 106.19 ग्राम MDMA के साथ राजस्थान के एक युवक को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ और आईफोन समेत बरामद सामान की कुल कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी रायपुर में MDMA की खेप पहुंचाने के इरादे से आया था।
पुलिस के अनुसार, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि गंज थाना क्षेत्र के तेलघानी नाका ओवरब्रिज के नीचे बिजली ऑफिस के पास एक संदिग्ध युवक नशीला पदार्थ लेकर खड़ा है और ग्राहक की तलाश में है। सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर भेजा गया।
पुलिस टीम ने बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्ध युवक की पहचान कर घेराबंदी की और उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम रामनिवास माचरा (22) बताया, जो राजस्थान के फलोदी जिले का रहने वाला है।
तलाशी के दौरान पुलिस को उसके बैग से MDMA बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक आरोपी से मादक पदार्थ के परिवहन और कब्जे से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने 106.19 ग्राम MDMA और एक आईफोन जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर MDMA की बिक्री करता है और साथियों के कहने पर नशीले पदार्थ की खेप लेकर रायपुर पहुंचा था। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि MDMA की सप्लाई उसे कहां से मिली, रायपुर में इसे किसे सौंपना था और इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
मामले में गंज थाना पुलिस ने NDPS Act की धारा 22(ग) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ के साथ उसके मोबाइल और अन्य संपर्कों की जांच कर संभावित सप्लायर और स्थानीय नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
73 NDPS मामलों में 163 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस के मुताबिक नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक NDPS Act के 73 मामलों में 163 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इन प्रकरणों में करीब 5.47 करोड़ रुपये की सामग्री जब्त किए जाने का दावा पुलिस ने किया है।
पुलिस के अनुसार इन कार्रवाइयों में 588.97 किलोग्राम गांजा, 27,875 प्रतिबंधित नशीली टैबलेट, 173 ग्राम MDMA, 4.55 ग्राम कोकीन, 20.740 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), 0.80 ग्राम ब्राउन शुगर और 71 ग्राम अफीम सहित अन्य मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं।
इसके अलावा पुलिस ने करीब 13.55 लाख रुपये नकद, आठ चारपहिया वाहन, 11 दोपहिया वाहन और 81 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। कार्रवाई के दौरान एक कट्टा और दो चाकू बरामद किए जाने की जानकारी भी पुलिस ने दी है।
फिलहाल MDMA बरामदगी के इस मामले में जांच जारी है। पुलिस आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर सप्लायर, स्थानीय खरीदार और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।