किसानों के लिए परेशानी का सबब बने आवारा मवेशी

0 बकावंड ब्लॉक में आवारा मवेशियों से बढ़ी परेशानी,

0 रात में दुर्घटना और फसल बर्बादी का खतरा 

बकावंड। बकावंड ब्लॉक के धोबीगुड़ा, इरिकपाल व मालगांव और अन्य क्षेत्रों में भी आवारा मवेशियों की समस्या दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। रात के समय सैकड़ों की संख्या में गाय, बैल और बछड़े मुख्य मार्गों पर बैठे और घूमते हुए देखे जा रहे हैं, जिससे बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।
8 अगस्त रात 8:21 बजे के पास ली गई तस्वीर में दर्जनों मवेशी सड़क के बीचों-बीच बैठे नजर आ रहे हैं। तेज रफ्तार वाहनों के लिए ये मवेशी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि दिन में ये मवेशी खेतों में घुसकर किसानों की फसल बर्बाद कर देते हैं। रात में सड़कों पर उनके सोने के कारण राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा दिक्कत होती है। बारिश के मौसम में गीली सड़क पर दुर्घटना का खतरा और भी बढ़ गया है। ग्रामीणों ने सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र के सभी आवारा मवेशियों को चिन्हित कर उन्हें जल्द से जल्द गौशाला में शिफ्ट किया जाए। सरपंच भी लापरवाह पशु मालिकों पर कार्रवाई करें। श्री नाग ने कहा कि सरकार को इस समस्या के लिए ठोस प्रावधान बनाना चाहिए। हर ग्राम पंचायत में अस्थायी गौठान बनाए जाएं, जहां मवेशियों के लिए चारा-पानी की व्यवस्था हो। साथ ही पशु मालिकों पर भी जुर्माना लगाने का प्रावधान हो जो अपने मवेशियों को खुले में छोड़ देते हैं। किसान दिन भर मेहनत कर फसल उगाता है और रात में मवेशी उसे बर्बाद कर देते हैं। ये किसानों के साथ अन्याय है।ग्रामवासियों ने भी प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए ताकि न तो किसानों की फसल बर्बाद हो और न ही सड़क दुर्घटनाओं में किसी की जान जाए।